1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 37 साल बाद 'रामायण' की उर्मिला से मिले लक्ष्मण, साथ में शेयर किया वीडियो, अब दिखती हैं ऐसी

37 साल बाद 'रामायण' की उर्मिला से मिले लक्ष्मण, साथ में शेयर किया वीडियो, अब दिखती हैं ऐसी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 08, 2024 05:59 pm IST,  Updated : Nov 08, 2024 05:59 pm IST

सुनील लहरी को 'रामायण' में 'लक्ष्मण' का किरदार निभाकर खूब लोकप्रियता मिली थी। वह आज भी रामायण के अन्य सितारों के साथ फैंस के फेवरेट हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़े रहते हैं। इस बीच उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिसकी फैंस को बिलकुल उम्मीद नहीं थी।

Sunil Lahri- India TV Hindi
रामायण में अंजलि व्यास ने उर्मिला का किरदार निभाया था। Image Source : INSTAGRAM

रामानंद सागर की 'रामायण' और इसके सितारे आज भी दर्शकों के फेवरेट हैं। इस पौराणिक धारावाहिक में अरुण गोविल ने प्रभु श्रीराम, दीपिका चिखलिया ने माता सीता और सुनील लहरी ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था। सिर्फ इन तीन किरदारों को ही नहीं, रामायण के हर किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं। फिर चाहे वह रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी हों या हनुमान जी का किरदार निभाने वाले दारा सिंह। इसी तरह 'उर्मिला' का किरदार निभाने वाली अंजलि व्यास भी आज भी फैंस के दिलों में खास जगह रखती हैं। लेकिन, लंबे समय से अंजली लाइमलाइट से दूर हैं। इस बीच फैंस को सुनील लहरी ने एक बड़ा सरप्राइज दिया और 37 साल बाद रामायण में उनकी पत्नी उर्मिला का किरदार निभाने वाली अंजलि व्यास से फैंस को मिलवाया।

37 सालों में पूरी तरह बदल चुकी हैं रामायण की उर्मिला

सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले सुनील लहरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अंजलि व्यास से मिलते नजर आ रहे हैं। सालों बाद अंजलि व्यास की झलक देखकर फैंस भी बेहद खुश हैं। हालांकि, बीते सालों में अंजलि इतनी बदल गई हैं कि फैंस को अगर सुनील लहरी नहीं बताते कि ये रामायण की उर्मिला हैं, तो कोई उन्हें पहचान ही नहीं पाता। वीडियो पर कमेंट के जरिए फैंस कुछ ऐसे ही रिएक्शन दे रहे हैं।

सुनील लहरी ने अंजलि व्यास के साथ शेयर किया वीडियो

सुनील लहरी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह कहते हैं- 'रामायण में इन्हें 14 साल के लिए छोड़कर हम वनवास के लिए चले गए थे। तो इन्होंने भी हमसे और आप सबसे बदला ले लिया है। ये 30 साल के लिए हम सबको छोड़कर ऑस्ट्रेलिया चली गई थीं। अब ये आ गई हैं।' इसी वीडियो में उर्मिला बताती हैं कि वह सालों बाद मुंबई आई हैं और यहां आने के बाद उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।

सीता के रोल के लिए शॉर्ट लिस्ट हुई थीं अंजलि व्यास

अंजलि व्यास कहती हैं- 'पता चला कि फैंस मुझे बहुत याद कर रहे थे, इसलिए रामजी की कृपा से यहां आ गई और मैं इसलिए और ज्यादा खुश हूं कि आप लोगों से मैं लक्ष्मण जी के साथ मिल रही हूं।' बता दें, अंजलि व्यास ने 1987 में आई रामानंद सागर की रामायण में उर्मिला का किरदार निभाया था। हालांकि, उन्हें पहले सीता के किरदार के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया था, लेकिन बाद में ये रोल दीपिका चिखलिया की झोली में आ गया। दूसरी तरफ अंजलि व्यास ने रामायण के बाद उन्होंने स्क्रीन पर काम नहीं किया। रामायण करने के बाद वह परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गईं और यहीं बस गईं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन