महाशिवरात्रि के मौके पर कई फिल्मी सितारों ने सोशल मीडिया पर महादेव की पूजा-अर्चना करते तस्वीरें शेयर कीं। किसी ने अपने घर पर ही भगवान शिव की पूजा की तो किसी ने मंदिर जाकर महादेव के दर्शन किए। रवीना टंडन से लेकर सोहा अली खान तक ने सोशल मीडिया पर महाशिवरात्रि के मौके पर महादेव की पूजा करते तस्वीरें-वीडियो शेयर किए और शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। लेकिन, इस बीच अफगानिस्तान की रहने वाली एक मॉडल का पोस्ट काफी सुर्खियां बटोर रहा है। 'स्पिल्टिसविला 16' में नजर आ चुकीं अफगानिस्तान की मॉडल सदफ शंकर ने शिवरात्रि के मौके पर अपनी तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्हें महादेव की भक्ति में लीन देखा जा सकता है।
महादेव की भक्ति में लीन हुई अफगानिस्तान की मॉडल
सदफ शंकर ने इंस्टाग्राम पर अपनी दो तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह मंदिर में दीये जलाती नजर आ रही हैं और भगवान शिव की पूजा में व्यस्त हैं। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए सदफ ने लंबा-चौड़ा नोट भी लिखा है। अपने पोस्ट में सदफ ने लिखा- 'मेरे प्रिय महादेव, महाशिवरात्रि की इस पवित्र रात में मेरा हृदय कृतज्ञता, प्रेम और आपके प्रेम से भर गया है। आप केवल मेरे पूजनीय ईश्वर नहीं हैं, आप वह शांति हैं जिसकी शरण में मैं संसार के बोझ तले दबने पर जाती हूं। आप वह मौन हैं जो मेरे आंसुओं को गिरने से पहले ही समझ लेते हैं। आप वह शक्ति हैं जो जीवन के टूटने पर मेरी रीढ़ को मजबूत करते हैं।'
सदफ अपने पोस्ट में आगे लिखती हैं- 'जब मुझे लगता है कि मुझे कोई समझ नहीं रहा है, तो मैं आपको याद करती हूं, आप जो ब्रह्मांड को सहजता से धारण करते हैं। जब मैं थका हुआ महसूस करती हूं, तो मुझे याद आता है कि आप गंगा को अपने बालों में धारण करके भी गहन ध्यान में बैठे रहते हैं। जब मैं टूटा हुआ महसूस करती हूं, तो मुझे याद आता है कि आपके हाथों में विनाश भी रूपांतरण बन जाता है। महादेव, आपका प्रेम करना घर जैसा लगता है। यह सुरक्षा का एहसास कराता है। यह इस बात का एहसास कराता है कि दुनिया चाहे कितनी भी शोरगुल भरी हो जाए, मैं हमेशा सुरक्षित हूं।'
सदफ आगे लिखती हैं- 'मैं आपसे यश, सफलता या विजय नहीं मांगती। मैं बस अपने हृदय में आपकी उपस्थिति चाहती हूं। मेरे अहंकार को अपनी अग्नि में भस्म कर दो। मेरे भय को अपनी शांति में विलीन कर दो। मेरे जीवन में आपकी शक्ति और कृपा का एक अंश भी झलकने दो। यदि मेरी आत्मा में भक्ति है, तो वह आपकी है। यदि मेरे हृदय में साहस है, तो वह आपसे ही आता है। मेरे साथ रहो, महादेव। मेरी प्रार्थनाओं में, मेरे संघर्षों में, मेरे शांत क्षणों में। हर हर महादेव।'
सदफ करीब 10 सालों से भारत में रह रही हैं और बारत में ही घर बसाना चाहती हैं। उन्होंने मुंबई में घर बनाया है और भारतीय संस्कृति और परंपराओं से खास लगाव रखती हैं। स्पिल्ट्सविला के दौरान होस्ट करण कुंद्रा ने सदफ से उनके सरनेम 'शंकर' को लेकर सवाल किया था, जिस पर एक्ट्रेस ने बताया था कि शिव उनके आस्था का केंद्र हैं, उनकी महादेव में गहरी आस्था है, इसीलिए वह अपने नाम के साथ शंकर लगाती हैं। उन्होंने बताया था कि वह नियमित रूप से पूजा-पाठ करती हैं और व्रत भी रखती हैं।
ये भी पढ़ेंः गले में तुलसी की माला और माथे में बिंदी, एयरपोर्ट पर पति विराट संग स्पॉट हुईं अनुष्का, सादगी भरे अंदाज ने जीता दिल
संपादक की पसंद