1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. दीपिका कक्कड़ की ननद सबा इब्राहिम के घर चोरी, 20-25 दिनों से लगातार गायब हो रहे सोने और हीरे के गहने

दीपिका कक्कड़ की ननद सबा इब्राहिम के घर चोरी, 20-25 दिनों से लगातार गायब हो रहे सोने और हीरे के गहने

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 08, 2026 11:42 am IST,  Updated : Sep 08, 2026 11:42 am IST

दीपिका कक्कड़ की ननद सबा इब्राहिम एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। दरअसल सबा के घर पर चोरी हुई है और कई गहने गायब हो गए हैं।

saba ibrahim- India TV Hindi
सबा इब्राहिम। Image Source : SABA IBRAHIM YOUTUBE

टीवी की मशहूर अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपनी जिंदगी के बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही हैं। ‘ससुराल सिमर का’ में सिमर का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली दीपिका लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना कर रही हैं। अभिनेत्री को लिवर कैंसर है और अब तक उनकी दो सर्जरी हो चुकी हैं। फिलहाल वह इम्यूनोथेरेपी के जरिए इलाज करा रही हैं। इस मुश्किल समय में दीपिका सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए फैंस से जुड़ी रहती हैं और अपनी रिकवरी से जुड़े अनुभव भी साझा करती हैं। वहीं दूसरी ओर उनकी ननद सबा इब्राहिम के घर पर चोरी की भी अपडेट सामने आई है, जिसमें सोने और हीरे के जेवर चोरी होने की बात व्लॉग में बताई गई है।

ननद सबा इब्राहिम के घर से सामान गायब

दीपिका की ननद और यूट्यूबर सबा इब्राहिम भी एक अलग वजह से चर्चा में आ गई हैं। सबा ने अपने हालिया व्लॉग में बताया कि पिछले कुछ समय से उनके घर से लगातार कीमती सामान गायब हो रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी ज्वेलरी, घड़ी, पर्स और पैसे समेत कई चीजें नहीं मिल रही हैं। सबा के मुताबिक करीब 20-25 दिनों के दौरान उनके कान का एक ईयररिंग गायब हुआ। इसके बाद घर की सफाई करते समय सोने की चेन और डायमंड ईयररिंग्स के भी गायब होने की जानकारी मिली। परिवार इस बात को लेकर परेशान है कि आखिर सामान कहां जा रहा है और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।

कैमरे नहीं लगवाने का हुआ अफसोस

सबा के पति सनी ने भी इस मामले पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि घर में पहले कभी इस तरह की समस्या नहीं हुई थी, इसलिए सामान को लेकर ज्यादा सतर्कता नहीं बरती गई। उनका कहना था कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे होते तो शायद मामले को समझने में मदद मिलती। सबा ने अपनी तरफ से यह भी माना कि कीमती सामान को लॉकर में सुरक्षित नहीं रखना उनकी लापरवाही थी। हालांकि उनका कहना है कि पहले उन्हें ऐसा करने की जरूरत महसूस नहीं होती थी, क्योंकि घर में काम करने वाले लोग भरोसेमंद रहे हैं और फर्श पर पड़ी चीजें भी वापस कर देते थे।

ज्वेलरी के अलावा घड़ी और पर्स भी हुआ गायब

सबा ने बताया कि उनकी महंगी डिजिटल वॉच भी गायब हो चुकी है। इसके अलावा उनकी कजिन रिजा का पर्स भी नहीं मिला, जिसमें कुछ नकद पैसे रखे हुए थे। परिवार ने यह भी महसूस किया कि घर से खाने-पीने की कुछ चीजें भी कम हो रही थीं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है। सबा का कहना है कि उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस आर्थिक नुकसान का नहीं, बल्कि अपनी लापरवाही का है। अब परिवार मामले को गंभीरता से ले रहा है और सबा ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही है।

फैंस के प्यार से भावुक हुईं दीपिका

हाल ही में दीपिका ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फैंस की ओर से आए कमेंट्स पढ़ती नजर आईं। इस दौरान कई संदेश ऐसे थे, जिन्हें पढ़कर वह भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। दीपिका ने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि लोगों का प्यार उन्हें मुश्किल हालात से लड़ने की ताकत देता है। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वह खुद को हर समय मजबूत दिखाने की कोशिश जरूर करती हैं, लेकिन वह भी एक आम इंसान हैं। कुछ दिन ऐसे होते हैं जब उनके शरीर में बिल्कुल ऊर्जा नहीं रहती और उन्हें पूरा दिन बिस्तर पर आराम करना पड़ता है। वहीं जब उनकी तबीयत थोड़ी बेहतर होती है तो वह उठकर खुद को व्यस्त रखने और रोजमर्रा के काम करने की कोशिश करती हैं।

‘हंसते रहना भी जरूरी है’

वहीं दीपिका ने अपनी स्थिति के बारे में बात करते हुए कहा कि परिवार के सामने मुस्कुराते रहना उनके लिए भी जरूरी है। उनका मानना है कि जब वह हंसती हैं तो घर के दूसरे सदस्य भी खुश रहने की कोशिश करते हैं। उन्होंने फैंस के साथ अपनी रिकवरी का अनुभव साझा करते हुए यह संदेश भी दिया कि मुश्किल परिस्थितियों में सकारात्मक बने रहना बेहद जरूरी है। बीमारी के बाद दीपिका ने अपनी दिनचर्या और खान-पान में भी बदलाव किए हैं। उन्होंने अपनी डाइट पर ध्यान देना शुरू किया और इस दौरान उनका वजन भी कम हुआ है। उनकी इस पूरी जर्नी में पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम लगातार उनके साथ खड़े रहे हैं। परिवार के लिए यह दौर इसलिए भी कठिन रहा क्योंकि इसी बीच शोएब के पिता की तबीयत भी बिगड़ी थी और उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।

ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड समरीन के बर्थडे पर रोमांटिक हुए अर्शदीप सिंह, खुलम खुला लुटाया 'जान' पर प्यार, बोले- मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन