1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. दीन-दुनिया की नहीं की परवाह, वैरागी बनी 23 साल की टॉप हसीना, राधा-कृष्ण के मोह में लिया संन्यास और जीने लगी ऐसी जिंदगी

दीन-दुनिया की नहीं की परवाह, वैरागी बनी 23 साल की टॉप हसीना, राधा-कृष्ण के मोह में लिया संन्यास और जीने लगी ऐसी जिंदगी

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 05, 2025 05:22 pm IST,  Updated : Aug 06, 2025 05:13 pm IST

दीन-दुनिया की परवाह छोड़ना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। बड़े संयम के बाद इंसान अलग रास्ते पर आगे बढ़ पाता है। आज ऐसी ही एक फेमस एक्ट्रेस के बारे में बताएंगे, जिसने छोटी उम्र में ही ग्लैमर और स्टारडम का मोह छोड़ दिया और वैरागी जीवन को अपना लिया।

anagha bhosale- India TV Hindi
अनघा भोसले। Image Source : @ANAGHA_BHOSALE/INSTAGRAM

टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ में समर की गर्लफ्रेंड नंदिनी का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुईं एक्ट्रेस अनघा अरविंद भोसले को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। ये किरदार घर-घर में फेमस हो गया और लोग इसे अपने घर के सदस्य के रूप में पहचानने लगे। अक्सर टॉप टीआरपी शोज के किरदार ऐसे ही लोगों के बीच फेमस हो जाते हैं। उनकी मासूमियत और खूबसूरती ने दर्शकों का दिल जीत लिया था, लेकिन जब उन्होंने अचानक ग्लैमर और शोहरत की दुनिया को छोड़कर आध्यात्मिक जीवन की राह पकड़ ली तो उनके फैंस चौंक गए। अचानक आया उनका ये फैसला लोगों को हैरत में डाल गया। कई लोगों को लगा कि ये कोई पब्लिसिटी स्टंट है तो कई लोगों को लगा कि शायद किसी नए किरदार की तैयारी में एक्ट्रेस हैं, लेकिन ऐसा नहीं था। अनघा ने असल में मोह-माया त्याग दी थी और नई राह पर चलने का फैसला कर लिया था।

छोड़ी एक्टिंग, चुनी कृष्ण की राह

उनका ये फैसला छोटी उम्र में लिया गया था तो लोगों को ये भी लगा कि वो टूट जाएंगी और आम जीवन में फिर से वापसी कर लेंगी, लेकिन अनघा ने दृण निश्चय कर लिया था जो अडिग था। अनघा भोसले ने कुछ समय पहले ‘अनुपमा’ शो को अलविदा कह दिया था। फैंस को उम्मीद थी कि वह किसी नए शो में वापसी करेंगी, लेकिन उन्होंने एक्टिंग करियर को पूरी तरह छोड़ दिया। अब वह एक साध्वी के रूप में श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हैं। उन्होंने अपनी पहचान और अपना नाम दोनों ही बदल दिया है और अब लोग उन्हें अनघा माताजी कहते हैं। उनका पूरा जीवन अब भक्ति और अध्यात्म के इर्द-गिर्द घूमता है। महज 23 साल की उम्र में ही अनघा ने एक्टिंग की दुनिया में एक अच्छी पहचान बना ली थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि एक्टिंग के दौरान भी उनका मन भक्ति में डूबा रहता था, लेकिन काम के चलते उन्हें समय नहीं मिल पाता था। इस वजह से उन्होंने ग्लैमर की दुनिया को छोड़कर पूरी तरह से धर्म और भक्ति की ओर रुख कर लिया।

यहां देखें तस्वीरें

बदला पहनावा और जीवनशैली

अब वह ISKCON (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) से जुड़ी हुई हैं और महाराष्ट्र में श्रीकृष्ण भक्ति का प्रचार-प्रसार करती हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं, जहां वह गीता पाठ, धार्मिक चर्चा, भजन, कीर्तन और कृष्ण भक्ति से जुड़े पोस्ट्स शेयर करती हैं। इंस्टाग्राम पर वह धार्मिक गुरुओं के साथ लाइव चैट भी आयोजित करती हैं। एक वक्त था जब अनघा ग्लैमरस अवतार में नजर आती थीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी जीवनशैली पूरी तरह बदल ली है। अब वह हमेशा साड़ी में नजर आती हैं, माथे पर चंदन का तिलक, गले में तुलसी की माला और हाथ में जाप माला उनके आध्यात्मिक रूप को दर्शाती है। वह अब वैष्णव तिलक लगाती हैं, जो कृष्ण भक्ति का प्रतीक माना जाता है।

एक्टिंग छोड़ अनघा ने कही थी ये बात

अनघा भोसले ने एक बार कहा था कि वह अब सिर्फ उसी व्यक्ति से शादी करेंगी, जो स्वयं भी कृष्ण भक्त होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वह अभी पूरी तरह से संन्यासिन नहीं बनी हैं, लेकिन उनका पूरा जीवन भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित हो चुका है। उन्होंने अपने एक पोस्ट में लिखा था, 'हरे कृष्णा फैमिली। मुझे पता है कि आप मेरे लिए चिंतित हैं और मेरे फैसले से हैरान भी। मैं आपको बता दूं कि मैंने ऑफिशियली टीवी और फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया है। कृपया मेरे इस फैसले का सम्मान करें। हमेशा वही कर्म करना चाहिए जो भगवान को प्रिय हो। ऐसे लोगों से दूरी बना लेनी चाहिए जो आपको भगवान से दूर करते हैं। हम सब एक ही लक्ष्य की ओर जा रहे हैं, बस रास्ते अलग हैं। हमें अपने जीवन के असली उद्देश्य को समझना चाहिए।'

यहां देखें पोस्ट

परिवार से मिली प्रेरणा

अनघा का रुझान बचपन से ही अध्यात्म की ओर था। उनका परिवार पहले से ही राधा-कृष्ण की पूजा करता आ रहा था और ISKCON से जुड़ा हुआ था। इसी वजह से अनघा को भी शुरुआत से भक्ति का वातावरण मिला और जैसे-जैसे वह बड़ी हुईं, उन्होंने इस राह को खुद चुना। टीवी की दुनिया में आने से पहले उन्होंने मॉडलिंग में भी हाथ आजमाया था, लेकिन अब उनका जीवन श्रीकृष्ण की भक्ति में ही समर्पित है। ‘अनुपमा’ शो में नंदिनी का किरदार निभाने के बाद वह किसी और शो में नजर नहीं आईं और सीधे आध्यात्मिक जीवन में उतर गईं। आज अनघा भोसले उर्फ अनघा माताजी न सिर्फ खुद भक्ति में लीन हैं, बल्कि सोशल मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से दूसरों को भी धर्म की राह पर चलने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन