कुनिका सदानंद अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर सोशल मुद्दों तक पर खुलकर बात करने के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में अभिनेत्री एक पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गईं। इस पोस्ट में उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर में 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की थी। कुनिका सदानंद से पहले बॉलीवुड के और भी कई सितारे सोनम वांगचुक के लिए चिंता व्यक्त कर चुके हैं। अभय देओल, शबाना आजमी से लेकर नसीरुद्दीन शाह तक सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। लेकिन, कुनिका सदानंद अपने पोस्ट को साझा करते ही ट्रोल्स के निशाने पर आ गईं और कई यूज़र्स ने तो कुमार सानू के साथ कुनिका के कथित पुराने संबंधों का ज़िक्र भी किया, जिस पर कुनिका भी शांत नहीं रहीं और ट्रोल्स को उन्हीं की भाषा में करारा जवाब दिया।
कुनिका सदानंद ने दो दिन पहले शेयर किया था पोस्ट
'बिग बॉस 19' फेम कुनिका सदानंद ने भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा- 'जब सरकार सुनना बंद कर दे, तब सवाल पूछना और भी जरूरी हो जाता है। सवाल सिर्फ सोनम वांगचुक सर का नहीं, बल्कि हमारी लोकतंत्र और हर हमारी आवाज का है जो सच और अपने हक के लिए उठती है। अगर सच बोलने वाले ही चुप हो जाएं, तो देश को बदलेगा कौन? कमेंट में जरूर बताएं।' इस पोस्ट के बाद ट्रोल्स ने उन्हें घेर लिया।
ट्रोल्स से घिरीं कुनिका सदानंद
अपने इसी पोस्ट को लेकर कुनिका ट्रोल्स के बीच फंस गई हैं। कई ने सिंगर कुमार सानू के साथ उनके पुराने रिश्ते को लेकर भी सवाल किया और उन्हें 'घर तोड़ने वाली महिला' करार दे दिया, जिसके जवाब में कुनिका ने लिखा- 'अरे भाई, देश में मुझसे और मेरी जिंदगी से बड़े मुद्दे चल रहे हैं, और तुम अब भी मेरी खूबसूरती और दिमाग के पीछे पड़े हो। चलो चलो आगे बढ़ो... छुट्टे नहीं है भाई।'

ट्रोल्स को कुनिका का जवाब
एक यूजर ने कुनिका को 'सस्ती फ्लॉप बॉलीवुड एक्ट्रेस' का टैग दे दिया। यूजर ने लिखा- 'अब सस्ते फ्लॉप बॉलीवुड टाइप भी मैदान में आ गए हैं।' जिसक जवाब में कुनिका ने लिखा- 'चलो मैं फ्लॉप एक्टर ही सही, आप बताओ आप क्या हो? बिना जमीर और ईमान का चलता-फिरता लाश? कम से कम मेरी अंतरात्मा की आवाज जिंदा है, आवाज बुलंद है। आप कहां हो? सिर्फ ट्रोल करना काम है आपका, वो भी दो रुपये के लिए।'
कनिका सदानंद का करियर
कनिका सदानंद हाल ही में सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए कलर्स टीवी के रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' में नजर आई थीं। कुनिका इससे पहले कई टीवी शोज और फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं और अक्षय कुमार से लेकर शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम कर चुकी हैं। कुनिका 'किंग अंकल', 'खिलाड़ी', 'हम साथ-साथ हैं', 'पेज 3', 'प्यार किया तो डरना क्या' जैसी फिल्मों और 'दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल्स' और 'प्यार का दर्द है मीठा-मीठा प्यारा-प्यारा' जैसे शो का हिस्सा रह चुकी हैं।