1. Hindi News
  2. Explainers
  3. Explainer: कौन था एल मेंचो...जिसका US के 50 राज्यों में था प्रभाव, पुलिस से कैसे बना मेक्सिको का ड्रग कार्टेल लीडर

Explainer: कौन था एल मेंचो...जिसका US के 50 राज्यों में था प्रभाव, पुलिस से कैसे बना मेक्सिको का ड्रग कार्टेल लीडर

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Feb 23, 2026 12:54 pm IST,  Updated : Feb 24, 2026 06:58 am IST

मेक्सिको के सबसे कुख्यात और शक्तिशाली ड्रग कार्टेल का लीडर एल मेंचो मार दिया गया है। उसने इससे पहले पुलिस अधिकारी के रूप में भी काम किया था।

मैक्सिन आर्मी के ऑपरेशन में मारा गया ड्रग कार्टेल लीडर एल मेंचो।- India TV Hindi
मैक्सिन आर्मी के ऑपरेशन में मारा गया ड्रग कार्टेल लीडर एल मेंचो। Image Source : AP AND X@MARIONAWFAL

Explainr: मेक्सिको का सबसे शक्तिशाली ड्रग कार्टेल जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का संस्थापक और एल मेंचो के नाम से मशहूर ड्रग माफिया नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस मारा गया है। मैक्सिन आर्मी ने एक ऑपरेशन के तहत रविवार को उसे मार गिराया। इसके बाद मेक्सिको में हिंसा और आगजनी फैल गई। एल मेंचो पर अमेरिका ने 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 136 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

एल मेंचो कौन था?

एल मेंचो का जन्म 17 जुलाई 1966 को मिशोआकान राज्य के अगुइलिला शहर में एक गरीब परिवार में हुआ था। बचपन में वह एवोकाडो की खेती करता था। उसने प्राथमिक स्कूल से पढ़ाई भी छोड़ दी। 1980 के दशक में वह अवैध रूप से अमेरिका चला गया, जहां उसे कई बार गिरफ्तार किया गया। 1994 में कैलिफोर्निया की अदालत ने एल मेंचो को हेरोइन वितरण की साजिश के लिए  तीन साल की सजा सुनाई। इसके बाद उसे मेक्सिको डिपोर्ट कर दिया गया। डिपोर्टेशन के बाद एल मेनचो ने जलिस्को राज्य के काबो कोरिएंटेस और तोमातलान में पुलिस अधिकारी के रूप में काम किया, लेकिन जल्द ही उसने पुलिस की नौकरी छोड़ दी और मिलेनियो कार्टेल में शामिल हो गया। यहां उसने ड्रग तस्करी में हाथ आजमाया। 

2009 में बनाया सबसे शक्तिशाली ड्रग कार्टेल

2000 के दशक में जब मिलेनियो कार्टेल के कई बॉस गिरफ्तार कर लिए गए या फिर मारे गए तो एल मेंचो ने 2009 में CJNG की स्थापना की। CJNG तेजी से मेक्सिको का सबसे हिंसक और शक्तिशाली ड्रग कार्टेल बन गया। ड्रग तस्करी में बाधा बाधा पैदा करने पर यह संगठन मेक्सिको की सेना पर हमले करने, ड्रोन से विस्फोटक करने और माइंस लगाने जैसी आक्रामक रणनीतियों के लिए जाना जाने लगा।

अमेरिका के 50 राज्यों में एल मेंचो का नेटवर्क

एल मेंचा का बनाया गया ड्रग कार्टेल अमेरिका के करीब 50 राज्यों में फैला था। इससे एल मेंचो के ड्रग कार्टेल नेटवर्क की ताकत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। यह कार्टेल अमेरिका में कोकीन, मेथमफेटामाइन और फेंटेनिल की मुख्य आपूर्ति करने के लिए कुख्यात है। इसी लिए अमेरिका ने एल मेंचो पर 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर का इनाम रखा था। एल मेंचो का कार्टेल अमेरिकी बाजार में टनों ड्रग्स की तस्करी करता था। ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) उसे सिनालोआ कार्टेल जितना शक्तिशाली मानता था। 2017 से उसे अमेरिका में कई बार आरोपित किया गया, जिसमें मेथ, कोकीन और फेंटेनिल की साजिश, वितरण, अवैध आयात और ड्रग तस्करी में हथियारों का उपयोग शामिल था। वह ड्रग किंगपिन एनफोर्समेंट एक्ट के तहत सतत आपराधिक उद्यम चलाने का आरोपी था। ट्रंप प्रशासन ने CJNG को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा था। 

ऐसे मारा गया एल मेंचो 

मेक्सिको की सेना ने 22 फरवरी को एल मेंचो की गिरफ्तारी के लिए सैन्य ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान वह मारा गया। जलिस्को राज्य में अपने समर्थकों और मैक्सिकन सेना के बीच हुई झड़प में गंभीर रूप से घायल हो गया और इसी अभियान में मारा गया। एल मेंचो की मौत और आर्मी ऑपरेशन के बाद मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी। CJNG ने बदला लेने के लिए आठ राज्यों में कारें जलाईं, सड़कें अवरुद्ध कीं और सुरक्षा बलों पर हमले किए। नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस, उर्फ एल मेंचो दुनिया के सबसे वांछित तस्करों में से एक था। 

कैसे बना सबसे बड़ा ड्रग माफिया

पूर्व पुलिस अधिकारी रह चुके एल मेंचो ने CJNG को मेक्सिको का सबसे शक्तिशाली और क्रूर आपराधिक संगठन बना दिया। अमेरिका के अनुसार CJNG पर अमेरिका में बड़ी मात्रा में फेंटेनिल और अन्य ड्रग्स की तस्करी का आरोप था। अमेरिका ने उसकी मौत से पहले एल मेंचो के बारे में जानकारी देने वाले को 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी। 1966 में मिचोआकान राज्य के एक गरीब पहाड़ी गांव में जन्मा एल मेंचो बचपन में अफीम और एवोकाडो की खेती करता था। 1996 में उसने एक शक्तिशाली गैंग लीडर आर्मांडो वैलेंसिया (उर्फ “माराडोना”) की भतीजी रोसलिंडा गोंजालेज वैलेंसिया से शादी की।

उसने वैलेंसिया के मिलेनियो कार्टेल में शामिल होकर सिकारियो (कार्टेल हत्यारा) से लेकर टॉप एनफोर्सर तक का सफर तय किया। मिलेनियो कार्टेल पर कब्जे की असफल कोशिश के बाद मेंचो ने 2009 के आसपास अपने अलग कार्टेल CJNG की स्थापना की। उसने सिनालोआ से युद्ध छेड़ा और जलिस्को राज्य के स्थानीय मनी लॉन्डरिंग गैंग से गठजोड़ किया। कार्टेल का नाम जलिस्को राज्य (जहां ग्वादलाजारा जैसा बड़ा शहर है) के नाम पर रखा गया। एल मेंचो ने चोरी ईंधन, जबरन मजदूरी और मानव तस्करी जैसे रैकेट में विविधता लाई।

कार्टेल में 20 हजार से अधिक तस्कर

अमेरिकी नेशनल काउंटरटेररिज्म गाइड के अनुसार CJNG सिनालोआ कार्टेल का मुख्य प्रतिद्वंद्वी था। यह जलिस्को, नायरित और कोलिमा जैसे राज्यों में छोटे स्थानीय गैंग्स से जुड़कर बढ़ा। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार अमेरिकी अनुमान में इसके 15,000 से 20,000 सदस्य हैं। ड्रग तस्करी के अलावा यह कार्टेल जबरन वसूली, ईंधन चोरी, अपहरण, अवैध लॉगिंग, खनन और प्रवासी तस्करी का भी काम करता है। एल मेंचो का गैंग नियमित रूप से सिर काटने और अन्य भयावह तरीकों से हत्या कर लोगों को डराता था। इस कार्टेल ने 2015 में छह सप्ताह में पश्चिमी मेक्सिको में दो दर्जन पुलिसकर्मियों की हत्या की। हत्या के तरीके में सार्वजनिक फांसी और शव प्रदर्शन करना शामिल था। सोशल मीडिया पर हिंसा का प्रचार करता था।

सेना, पुलिस, जज और राजनेताओं की हत्या

एल मेंचो अपने ड्रग तस्करी में बाधा बनने वाली सेना पर हमले करता था। सैन्य अधिकारियों, पुलिस, जज और राजनेताओं की हत्या के लिए कुख्यात था। इसने 2020 में मेक्सिको सिटी के तत्कालीन पुलिस प्रमुख ओमार गार्सिया हरफुच पर हमला किया था, जिसमें उनके दो बॉडीगार्ड मारे गए। सीजेएनजी वैश्विक ड्रग संगठन है। ऐसे में एल मेंचो की मौत का असर मेक्सिको से बाहरी देशों में भी होगा। इसकी मौत अब कार्टेल की तेज वृद्धि और विस्तार को धीमा कर सकती है। कार्टेल बॉस का खात्मा मेक्सिको के लिए बड़ी जीत है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।