सुशांत सिंह राजपूत मामले में आखिरकार रिया चक्रवर्ती ईडी के सामने पेश हो गई हैं। वो थोड़ी देर पहले ईडी पहुंची। उनसे सुशांत सिंह राजपूत केस में पूछताछ होगी। इससे पहले रिया ने ईडी से अपील की थी कि उन्हें पेशी से छूट दी जाए क्योंकि उनकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। लेकिन ईडी ने उनकी अपील ठुकराते हुए कहा था कि यदि वो आज नहीं आई तो उसे ईडी के समन की अवमानना माना जाएगा।
ईडी के इस आदेश के बाद रिया चक्रवर्ती ईडी पहुंच गई हैं।
इससे पहले मॉडल से अभिनेत्री बनीं रिया चक्रवर्ती के प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के समक्ष हाजिरी लगाने की संभावना नहीं बताई जा रही थी।
रिया पर दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
सुप्रीम कोर्ट में अगले हफ्ते रिया की याचिका पर सुनवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है, जिसमें बिहार पुलिस की जांच मुंबई पुलिस को हस्तांतरित करने की मांग की गई है।
सुशांत के परिवार ने रिया पर उनके बैंक खातों से बड़ी रकम हड़पने का भी आरोप लगाया है।