Published : Nov 07, 2025 04:44 pm IST, Updated : Nov 07, 2025 06:01 pm IST
1/7Image Source : viral Bhayani
बॉलीवुड अभिनेता जायद खान और सुजैन खान की मां और दिग्गज अभिनेता-निर्माता संजय खान की पत्नी, जरीन खान का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह उम्र संबंधी बीमारियों से लंबे समय से जूझ रही थीं। शुक्रवार सुबह मुंबई स्थित अपने घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली। जरीन के निधन से खान परिवार और पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर है।
2/7Image Source : viral Bhayani
जरीन खान के अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार को बॉलीवुड जगत की कई जानी-मानी हस्तियां उनके आवास पर पहुंचीं। जया बच्चन अपनी बेटी श्वेता बच्चन के साथ शोक व्यक्त करने आईं, जबकि बॉबी देओल पपराजी से बचने के लिए चेहरे को ढके नजर आए। अभिनेत्री रानी मुखर्जी, सबा आजाद और ऋतिक रोशन की बहन पश्मीना रोशन भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचीं।
3/7Image Source : viral Bhayani
अभिनेता जैकी श्रॉफ भी जरीन खान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से संयम बरतने की अपील की और पपराजी को शोक के माहौल में ज्यादा नजदीक आने से रोका। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में परिवार को थोड़ी निजता और सम्मान की आवश्यकता होती है। बता दें, जरीना पारसी थी, मुस्लिम परिवार में शादी के बावजूद उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों से किया गया।
4/7Image Source : viral Bhayani
शबाना आजमी, नीलम कोठारी, रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी समेत कई अन्य सितारे भी संजय खान के घर पहुंचे और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। अभिनेता ऋतिक रोशन, जो सुज़ैन खान के पूर्व पति हैं, भी इस मुश्किल घड़ी में सुजैन का साथ देने पहुंचे और भावुक नजर आए।
5/7Image Source : viral Bhayani
जरीन खान का फिल्म जगत से गहरा नाता रहा है। उन्होंने देव आनंद के साथ 1963 में आई फिल्म 'तेरे घर के सामने' में काम किया था, लेकिन जल्द ही अभिनय की दुनिया से दूर होकर अपनी पहचान एक इंटीरियर डिजाइनर और उद्यमी के रूप में बनाई। वह अपने परिष्कृत डिजाइन सेंस और शानदार सौंदर्य दृष्टि के लिए जानी जाती थीं। बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों के घरों का इंटीरियर उन्होंने डिजाइन किया था।
6/7Image Source : viral Bhayani
1960 के दशक में जरीन की मुलाकात संजय खान से हुई थी और 1966 में दोनों ने शादी कर ली। दोनों की जोड़ी फिल्म जगत में एक आदर्श दंपति मानी जाती थी। ज़रीन और संजय के चार बच्चे हैं, सुजैन खान, जायद खान, सिमोन अरोड़ा और फराह अली खान। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में सफल हैं और अक्सर एक-दूसरे का साथ देते देखे जाते हैं।
7/7Image Source : viral Bhayani
जरीन खान का निधन न केवल खान परिवार के लिए, बल्कि उन सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है जिन्होंने उन्हें एक सशक्त, सुसंस्कृत और प्रेरणादायी महिला के रूप में जाना। अपनी गरिमा, सौम्यता और रचनात्मकता से उन्होंने हर उस व्यक्ति के जीवन को छुआ जो उनके संपर्क में आया। उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री और डिजाइन जगत दोनों के लिए एक गहरी क्षति है।