'स्पेशल ऑप्स' के हिम्मत सिंह की पत्नी हैं TV की सुपरस्टार, कभी घर का किराया बचाने के लिए की थी शादी
'स्पेशल ऑप्स' के हिम्मत सिंह की पत्नी हैं TV की सुपरस्टार, कभी घर का किराया बचाने के लिए की थी शादी
'स्पेशल ऑप्स' सीजन 2 रिलीज के बाद से ही चर्चा में बना हुआ है। इस शो में हिम्मत सिंह का किरदार सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जिसे केके मेनन ने निभाया है। अब एक्टर की पर्सनल लाइफ भी चर्चा में है और लोग उनकी पत्नी के बारे में भी जानने के लिए उत्सुक हैं।
कृष्ण कुमार मेनन, शायद आपने ये नाम कम ही सुना हो, लेकिन के के मेनन का नाम आप जरूर सुने होंगे। ये नाम हिंदी सिनेमा के उन चंद कलाकारों में गिना जाता है, जिनका अभिनय सधा हुआ, गहरा और दर्शकों के दिल को छू जाने वाला होता है। 'हैदर', 'ब्लैक फ्राइडे', 'गुलाल', 'भेजा फ्राई 2' और 'लाइफ इन अ मेट्रो' जैसी फिल्मों में उनकी अलग-अलग भूमिकाएं इस बात की मिसाल हैं कि वे हर किरदार को कितनी शिद्दत और सच्चाई से निभाते हैं।
फिल्मी पर्दे पर छाने के बाद आज केके मेनन ओटीटी पर भी कब्जा कर चुके हैं और इंटरनेट की दुनिया पर भी राज कर रहे हैं। 'स्पेशल ऑप्स', 'रेलवे मैन' और 'मुर्शिद' जैसी सीरीज के दम पर उन्होंने ओटीटी की दुनिया के दर्शकों का भी दिल जीत लिया है। हाल ही में 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई 'स्पेशल ऑप्स 2' में के के मेनन ने रॉ एजेंट हिम्मत सिंह के रूप में वापसी की है।
यह जासूसी थ्रिलर सीरीज अपने पहले सीजन की तरह ही दर्शकों को बांधे रखती है और इसमें के के की शांत, गंभीर लेकिन बेहद प्रभावशाली रूप में नडर आए हैं। वो इस कहानी को मजबूती दे रहे हैं। हिम्मत सिंह का किरदार एक ऐसे जासूस का है जो अपने देश के लिए जान की बाजी लगाने से नहीं डरता और के के इस भूमिका को इस अंदाज में निभाते हैं कि वह असल लगने लगता है। यह सीरीज एक बार फिर यह साबित करती है कि वे क्यों इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद और सम्मानित कलाकारों में से एक हैं।
भले ही उनका करियर अक्सर सुर्खियों में रहा हो, लेकिन के के मेनन अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की नजरों से दूर रखते हैं। उन्होंने साल 2002 में अभिनेत्री निवेदिता भट्टाचार्य से शादी की थी। दोनों की मुलाकात थिएटर के दिनों में हुई थी और फिल्मों के प्रति उनके साझा प्रेम ने उन्हें करीब ला दिया। मुंबई में अपने संघर्ष के दिनों में जब दोनों अलग-अलग घरों में रहते थे, तब उन्होंने साथ रहने का फैसला लिया।
दोनों का ये फैसला एक व्यावहारिक और भावनात्मक निर्णय था जिसने उनकी शादी की नींव रखी। इस पर के के ने मजाकिया अंदाज में कहा था, जब हम एक घर साझा कर सकते हैं तो दो घरों का किराया क्यों दें?' उन्होंने ये भी कहा था कि ये शादी रेंट बचाने के लिए उन्होंने की थी। फिलहाल रेंट साझा करने से शुरू हुआ प्यार अब नई पीढ़ी के लिए मिसाल बन चुका है। दोनों हमेशा एक-दूसरे के लिए खड़े रहे और लाइमलाइट से बचते हुए एक खूबसूरत जिंदगी गुजार रहे हैं।
निवेदिता भट्टाचार्य खुद भी एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं। उन्होंने 'कहानी घर घर की', 'सात फेरे: सलोनी का सफर', 'बालिका वधू' जैसे टीवी धारावाहिकों में अपने अभिनय से पहचान बनाई। साथ ही 'क्या कहना', 'फोबिया', 'अय्यारी' और 'द वैक्सीन वॉर' जैसी फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं। थिएटर से उनका गहरा नाता आज भी बना हुआ है। निवेदिता भट्टाचार्य टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं और अपने प्रभावी रोल से घर-घर में पहचान और जगह बना चुकी हैं।
दोनों ने अपने रिश्ते को हमेशा निजी रखा है। निवेदिता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह नहीं चाहती थीं कि उनकी शादी महज गपशप का विषय बने। उनके लिए यह रिश्ता उनकी व्यक्तिगत समझ और पेशेवर एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, 'हम दोनों एक्टर्स हैं, इसलिए एक-दूसरे की चुनौतियों और पेशे की मांगों को बेहतर समझते हैं। हम न सिर्फ एक-दूसरे का समर्थन करते हैं बल्कि फिल्मों, नाटकों, लेखन, निर्देशन और संगीत पर भी खुलकर चर्चा करते हैं। इससे हमारे रिश्ते को गहराई मिलती है।'