जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से हाहाकार, बादल फटने से मलबे में समा गई गाड़ियां; तस्वीरों में देखें तबाही
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से हाहाकार, बादल फटने से मलबे में समा गई गाड़ियां; तस्वीरों में देखें तबाही
जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। राजौरी जिले में बादल फटने से सैकड़ों वाहन मलबे में दब गए हैं। वहीं पुंछ जिले में चार लोगों के मौत की भी खबर सामने आई है। इसके अलावा श्रीनगर में भी बारिश हो रही है।
Published : Jul 19, 2026 10:14 am IST, Updated : Jul 19, 2026 10:14 am IST
1/8Image Source : Reporter Input
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से तबाही जैसे हालात बने हुए हैं। दिल दहला देने वाली यह तस्वीरें राजौरी जिले की हैं। यहां राजौरी जिले में भारी बारिश और बादल फटने से भारी तबाही मची है। जिले में भारी बारिश और बादल फटने के कारण घरों, दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस दौरान सैकड़ों वाहन मलबे और कीचड़ के नीचे दब गए।
2/8Image Source : Reporter Input
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद नदियों और नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि तेज बहाव के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने भी जम्मू संभाग के कई जिलों, जिनमें राजौरी भी शामिल है, में भारी बारिश, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की आशंका जताई है।
3/8Image Source : Reporter Input
शुरुआती जानकारी के अनुसार कई स्थानों पर सड़कों, खेतों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। राजौरी समेत कई जिलों में बारिश की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
4/8Image Source : Reporter Input
पुंछ जिले में भी रात भर हुई भारी बारिश की वजह से हालात बदतर हो गए हैं। पुंछ में चार लोगों की मौत की भी खबर सामने आ रही है, जबकि कई लोग लापता भी हैं। इलाके में रेस्क्यू अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बिना वजह लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
5/8Image Source : PTI
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में खराब मौसम के अनुमान और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व भलाई को ध्यान में रखते हुए 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से श्री अमरनाथजी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रहेगी।
6/8Image Source : PTI
भारी बारिश को देखते हुए माता वैष्णो देवी की यात्रा को भी अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन ने इस यात्रा को 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला लिया है। प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
7/8Image Source : ANI
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी रविवार को सुबह भारी बारिश हुई। इस दौरान सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। वहीं मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी।
8/8Image Source : ANI
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जम्मू-कश्मीर में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है। 20 जुलाई से 23 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन, मडस्लाइड, पत्थर गिरने, अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को श्रीनगर में आसमान में आंशिक रूप से या आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा।