टी20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी
टी20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी
भारतीय टीम के आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए साल 2025 टी20 क्रिकेट में काफी शानदार रहा, लेकिन वह विराट कोहली के एक साल में सबसे ज्यादा भारतीय खिलाड़ी के तौर पर रन बनाने से काफी करीब से चूक गए।
Published : Dec 20, 2025 08:52 pm IST, Updated : Dec 20, 2025 08:52 pm IST
1/6Image Source : AP
टी20 क्रिकेट में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में देखने को मिलता है, जिसमें अभी मौजूदा समय में सबसे ज्यादा चर्चा टीम इंडिया के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर देखने को मिलती है। अभिषेक के लिए साल 2025 काफी शानदार रहा है, जिसमें उनके बल्ले का कमाल घर पर नहीं बल्कि विदेशी दौरों पर भी देखने को मिला। हालांकि अभिषेक एक मामले में विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने के काफी करीब पहुंच गए थे, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। ऐसे में हम आपको भारत के लिए एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
2/6Image Source : AP
भारत की तरफ से टी20 क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम पर है। साल 2016 में कोहली का दबदबा टी20 फॉर्मेट में जमकर देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने कुल 31 मैचों की 29 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 89.66 के औसत से 1614 रन बनाए थे। इस दौरान कोहली के बल्ले से 4 शतकीय और 14 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली थी। वहीं कोहली के स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 147.12 का था।
3/6Image Source : AP
अभिषेक शर्मा जिनके लिए साल 2025 बल्ले से काफी शानदार रहा है। अभिषेक ने इस साल कुल 41 टी20 मुकाबलों में खेला है, जिसमें उन्हें 40 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। अभिषेक शर्मा ने इस दौरान 41.07 के औसत से कुल 1602 रन बनाए हैं, जिसमें वह कोहली के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जो टी20 क्रिकेट में एक साल में 1600 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब हो सके हैं। अभिषेक शर्मा के बल्ले से 3 शतकीय और 9 अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं।
4/6Image Source : AP
टीम इंडिया के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए साल 2025 भले ही शानदार नहीं रहा, लेकिन साल 2022 में टी20 क्रिकेट में उनके बल्ले का दबदबा देखने को मिला था। सूर्या ने साल 2022 में कुल 41 टी20 मैचों में खेलते हुए 41 पारियों में बल्लेबाजी की थी और 45.54 के औसत से उन्होंने 1503 रन बनाए थे। सूर्या ने इस साल कुल 2 शतकीय और 12 अर्धशतकीय पारियां खेली थी। वहीं सूर्या के स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 175.99 का देखने को मिला था।
5/6Image Source : AP
सूर्यकुमार यादव का नाम इस लिस्ट में 2 बार है, जिसमें साल 2023 में भी उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने बल्ले का कमाल दिखाया था। सूर्या ने साल 2023 में कुल 34 टी20 मैचों में खेलते हुए 33 पारियों में बल्लेबाजी की थी और 46.13 के औसत से कुल 1338 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 3 शतकीय और 10 अर्धशतकीय पारियां भी खेली थी।
6/6Image Source : AP
इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का नाम है, जिन्होंने साल 2023 में टी20 क्रिकेट में शानदार फॉर्म दिखाया था। यशस्वी ने इस साल कुल 37 टी20 मैचों में खेलते हुए 36 पारियों में बल्लेबाजी की थी और उसमें उन्होंने 39.30 के औसत से 1297 रन बनाए थे। यशस्वी के बल्ले से 2 शतकीय और 10 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली थी।