1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. मासूम से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पुलिसकर्मियों पर किया चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में मारा गया

मासूम से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पुलिसकर्मियों पर किया चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में मारा गया

 Published : Jul 20, 2026 07:52 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 07:57 pm IST

मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोपी ने पुलिस के वाहन को उल्ली आने के बहाने से रुकवाया। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला भी कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी पर फायरिंग की।

पुलिस एनकाउंटर में मारा गया आरोपी- India TV Hindi
पुलिस एनकाउंटर में मारा गया आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के आनंद जिले के वासद में साढ़े चार साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोपी सुरेश परमार की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और इस दौरान पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिससे आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उल्टी आने का बहाना बनाकर रुकवाई गाड़ी

आनंद के पुलिस अधीक्षक (SP) जीजी जसानी ने बताया कि लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) की टीम आरोपी सुरेश परमार को लेकर जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने उल्टी आने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया। जैसे ही वह नीचे उतरा, उसने पहले से छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

आत्मरक्षा में की गई फायरिंग

एसपी के अनुसार, पीएसआई आईजे राणा ने पहले आरोपी को रोकने के लिए हवा में फायरिंग की और फिर उसके पैर में गोली मारी। इसके बावजूद आरोपी हमला करता रहा। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में दोबारा फायरिंग की। आरोपी के सीने में चार गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की उठ रही थी मांग

इस बीच, मासूम बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उसकी मौत दुष्कर्म के दौरान हुई गंभीर चोटों के कारण हुई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश था और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही थी।

आदतन अपराधी था सुरेश परमार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुरेश परमार आदतन अपराधी था। उसके खिलाफ पहले से दुष्कर्म के तीन मामले दर्ज थे और वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में भी आरोपी रह चुका था।

पुलिस ने सभी पहलुओं की शुरू की जांच

फिलहाल पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच नियमानुसार की जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद से पुलिस प्रशासन की भी तारीफ हो रही है कि मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले के साथ सही किया गया।

नचिकेत मेहता की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

प्यार के लिए परिवार छोड़ा, पत्नी की बेरहमी से हत्या, सोनम सुनार की रहस्यमयी मौत से सनसनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।