1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में रेप का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, मां ने शव लेने से कर दिया इनकार

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में रेप का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, मां ने शव लेने से कर दिया इनकार

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 08, 2026 09:18 am IST,  Updated : Jul 08, 2026 03:34 pm IST

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग बच्ची के बलात्कार और उसकी हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। बता दें कि इस रेप और हत्या को लेकर बड़ा हंगामा मचा हुआ था।

west bengal Baruipur rape case encounter- India TV Hindi
बारुईपुर में रेप के आरोपी का एनकाउंटर। Image Source : REPORTER

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के रेप और मर्डर के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई है। इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया है कि पूरी वारदात को फिर से समझने के लिए आरोपी को बीती रात करीब 12:45 बजे क्राइम सीन पर ले जाया गया था। उस वक्त, आरोपी प्रभास मंडल ने पुलिस की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। आरोपी को घायल हालत में अस्पताल लाया गया लेकिन यहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कैसे हुआ आरोपी का एनकाउंटर?

अधिकारियों की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुलिस आरोपी प्रभास मंडल क वारदात की जगह सीन रीक्रिएशन करने लेकर गई थी। यहां उसने पुलिस से हथियार छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलियां भी चलाईं। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की। आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया और बाद में अस्पताल द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।

क्या है पूरा केस?

आपको बता दें कि दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में रविवार को सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में लड़की का शव बरामद किया गया था। इसके बाद घटना के विरोध में और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बारुईपुर-जयनगर रूट को अवरुद्ध करके टायर जलाया था और कई वाहनों में तोड़फोड़ की थी। गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के शक में एक व्यक्ति को मार डाला था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एनकाउंटर में ढेर हुआ आरोपी प्रभास मंडल भी इस घटना के मुख्य संदिग्धों में से एक था। उसे रेप और हत्या से पहले सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ देखा गया था।

बच्ची के माता-पिता से मिले CM

इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को बारुईपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की थी। इस दौरान सीएम ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। राज्य सरकार ने इस पूरी घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया है।

मां ने बेटे की लाश लेने से किया इनकार

आरोपी प्रभास मंडल की मां ने कहा- "पुलिस मेरे घर पर आई थी। मुझे कहा कि आप प्रभास मंडल की मां हो? वो मारा गया है, मैंने कहा कि नहीं मैं उसे और देखना नहीं चाहती हूं। मैंने कहा कि मुझ में उतनी ताकत नहीं है जाने की। तो पुलिस ने मुझसे उनका आई कार्ड मांगा। मैं तो मां हूं मुझे तो तकलीफ होगी ही, लेकिन उसने जो काम किया है इसके लिए उसे सजा मिली है, अब मुझे शांति मिली है। नहीं, मेरे घर पर और कोई नहीं है बॉडी लेने के लिए। और मैं देखना नहीं चाहती हूं। मुझे कुछ मालूम नहीं वह कोई बात नहीं सुनता था। मां की कोई भी बात नहीं सुनता था। दिन भर नशे में डूबा रहता था। मुझे और कुछ नहीं कहना है।"

ये भी पढ़ें- बारुईपुर रेप मर्डर केस में पीड़िता के परिजनों से मिले सीएम शुभेंदु अधिकारी, डीजीपी को 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम

साउथ 24 परगना में 11 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, तालाब में मिला शव, भारी बवाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।