1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अश्लील वीडियो दिखाकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने 3 आरोपी को किया गिरफ्तार

अश्लील वीडियो दिखाकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने 3 आरोपी को किया गिरफ्तार

 Published : Sep 29, 2026 11:16 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 11:16 pm IST

दुर्गापुर में अश्लील वीडियो दिखाकर एक नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में कांकसा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 कांकसा नाबालिग उत्पीड़न मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार- India TV Hindi
कांकसा नाबालिग उत्पीड़न मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो दिखाकर एक नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शेख अलएरताब इरफान (22) बोलपुर के नयापुकुर इलाके का निवासी और आमिर मल्लिक (20) कांकसा के गृहस्थपाड़ा का निवासी बताया जा रहा है।  

मामले में शामिल तीसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे आसनसोल स्थित किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया।  अदालत में पेश किए गए दोनों आरोपियों को न्यायाधीश ने पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।

अन्य संदिग्धों की तलाश और फोरेंसिक जांच

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार ने बताया कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और घटना की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मामले में फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार, नाबालिग की शिकायत के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि घटना में और कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं। कांकसा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बहला-फुसलाकर पिलाई शराब, होटल मैनेजर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

गौरतलब है कि दुर्गापुर से सामूहिक दुष्कर्म का मामला पहले भी सामने आ चुका है, जहाँ कविगुरु इलाके के एक होटल में आठवीं कक्षा की छात्रा को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई गई और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था जिसमें एक महिला आरोपी भी शामिल थी जिसने पीड़िता को शराब पिलाई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों अजहरुद्दीन, मल्लिक, सुबीर दास और संबंधित होटल मैनेजर राजकुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बुदबुद बाईपास पर लावारिस छोड़कर भाग गए थे, जिसे बाद में एक टोटो चालक ने सुरक्षित घर पहुंचाया था। इस घटना के बाद दुर्गापुर कोर्ट परिसर में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल देखा गया था। पुलिस की विशेष टीम कड़ी सुरक्षा घेरे में चारों आरोपियों को लेकर कोर्ट रूम में दाखिल हुई थी।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

AI से अश्लील फोटो बनाकर मृत बच्चे की मां को धमकी, हुगली से पकड़ा गया शातिर आरोपी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।