1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात: महिसागर में पुलिस की बर्बरता का मामला, महिला PSI ने आदिवासी शख्स को बेरहमी से पीटा, क्षेत्र में तनाव

गुजरात: महिसागर में पुलिस की बर्बरता का मामला, महिला PSI ने आदिवासी शख्स को बेरहमी से पीटा, क्षेत्र में तनाव

 Reported By: Nirnay Kapoor Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Feb 04, 2026 11:35 am IST,  Updated : Feb 04, 2026 11:35 am IST

गुजरात के महिसागर में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। यहां पुलिस ने एक आदिवासी शख्स की सीटबेल्ट के मुद्दे को लेकर बेरहमी से पिटाई की है।

Mahisagar- India TV Hindi
पीड़ित शख्स Image Source : REPORTER INPUT

महिसागर: गुजरात के महिसागर में पुलिस की बर्बरता का मामला सामने आया है। यहां एक महिला पीएसआई द्वारा एक आदिवासी की बेरहमी से पिटाई की गई है। आरोप है कि ये पिटाई सीट बेल्ट जैसे मामूली मामले में की गई है। इस घटना के सामने आने के बाद महिसागर पुलिस एक बार फिर विवादों में घिर गई है।

क्या है पूरा मामला?

सीट बेल्ट न पहनने जैसी छोटी बात पर महिला पीएसआई द्वारा युवक को निर्दयता से पीटे जाने का आरोप लगाया गया है। खानपुर के पांडरवाड़ा गांव में व्यवसाय करने वाले मोहनभाई पगी नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई है।

मोहनभाई के साथ मारपीट की तस्वीरें वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र और आदिवासी समाज में भारी आक्रोश और तनाव फैल गया है। आदिवासी समाज के नेता मोहनभाई की कुशलक्षेम जानने पहुंचे, लेकिन वे उनसे मिल नहीं सके। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस दबाव बनाकर उन्हें कहीं और ले गई है।

बालासिनोर में महिला पीआई द्वारा 15 वर्षीय किशोर की पिटाई का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और विवाद सामने आ गया है। आदिवासी समाज के नेताओं ने न्याय की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

मारपीट की तस्वीरें वायरल होने के बाद सवाल उठ रहा है कि पीड़ित मोहनभाई पगी फिलहाल कहां हैं। आदिवासी समाज के नेता मैदान में उतर आए हैं और न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। खानपुर तालुका के पांडरवाड़ा गांव के युवक पर पुलिस के कथित अत्याचार से पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश है और उनका कहना है कि सीट बेल्ट के मुद्दे पर इस तरह पिटाई करना कहां तक जायज है। लोगों का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।