1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में केबल पुल टूटने की घटना पर खरगे और राहुल ने जताया दुख, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हरसंभव सहायता करने की अपील की

गुजरात में केबल पुल टूटने की घटना पर खरगे और राहुल ने जताया दुख, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हरसंभव सहायता करने की अपील की

 Published : Oct 30, 2022 11:40 pm IST,  Updated : Oct 30, 2022 11:40 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने की घटना को लेकर दुख जताते हुए राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में हरसंभव सहायता करने की अपील की।

गुजरात के मोरबी शहर में मच्छू नदी पर बना ब्रिज टूटने से बड़ा हादसा हो गया- India TV Hindi
गुजरात के मोरबी शहर में मच्छू नदी पर बना ब्रिज टूटने से बड़ा हादसा हो गया Image Source : INDIA TV

Gujarat Bridge Collapse: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने की घटना को लेकर रविवार को दुख जताते हुए राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में हरसंभव सहायता करने की अपील की। इस हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हुई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कहा कि पुल टूटने की खबर बहुत दुखद है। उन्होंने भी सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घायलों की हरसंभव मदद करने की अपील की है। गुजरात के मोरबी शहर में मच्छु नदी पर बने करीब एक सदी पुराने पुल के आज शाम टूट जाने से कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई। 

राहुल और प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर दी संवेदनाएं

राहुल गांधी ने एक ट्वीट में लिखा कि गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे की खबर बेहद दुःखद है। ऐसे मुश्किल समय में मैं सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा कि मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की हर संभव सहायता करें और लापता लोगों की तलाश में मदद करें। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट कर लिखा कि मोरबी, गुजरात में पुल टूटने से हुई दुर्घटना का समाचार बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को श्री चरणों में स्थान दें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। सभी घायलों के सकुशल और सुरक्षित होने की कामना करती हूं।’’ 

'प्रभावित परिवारों को दें हर संभव मदद'

खरगे ने एक ट्वीट में लिखा कि गुजरात के मोरबी में केबल पुल के टूटने से हुई त्रासदी से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं गुजरात कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में हरसंभव सहायता और घायलों की मदद करने की अपील करता हूं। मेरी संवेदना और प्रार्थना शोक संतप्त परिवारों के साथ है। खरगे ने पार्टी के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा, गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर और कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखराम राठवा से भी बात की और दुखद घटना के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।