सूरत: डाईटिशियन और डॉक्टर बनकर लोगो का वजन कम करने के लिए दवा बेचकर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का सूरत साइबर सेल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सूरत की एक महिला से वजन घटाने की दवा के नाम पर 1.77 करोड़ रुपए की साइबर ठगी मामले में सूरत साइबर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में छापेमारी करते हुए गिरोह के कुरियर बॉय समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया है, जिसमें दो महिला भी शामिल हैं।
पुलिस ने दी ये जानकारी
सूरत के ज्वाइंट सीपी करण राज सिंह वाघेला ने बताया कि पुलिस ने दिल्ली निवासी मोहम्मद हुसैन मुर्तुजा व तन्वी और प्रिया को गिरफ्तार किया है। मोहम्मद हुसैन गिरोह के लिए कुरियर बॉय का काम करता था। पीड़ित महिला से नकद रकम लेने के लिए कई बार सूरत आया था। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी 7 बार ट्रेन से ओर आखिरी बार फ्लाइट पकड़कर दवा पहुंचाने सूरत आया था। तन्वी ओर प्रिया पीड़ित महिला से फोन पर संपर्क करती थी और खुद को वेट लॉस एक्स्पर्ट बताकर लगातार बातचीत करती थी और महिला का भरोसा जीतती थी।
ठगों के जाल में फंसकर गंवाए 1.77 करोड़
महिलाओं की प्राथमिक जांच में पता चला की खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर के डॉक्टर एम के खन्ना के रूप में पहचान देने वाला मास्टर माइंड दीपक है। वह फिलहाल फरार है, उसकी तलाश जारी है। यहां उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर बिना मेहनत के वजन घटाने का विज्ञापन देकर महिला साइबर ठग गिरोह के जाल में फंस गई थी। शुरू में गिरोह ने महिला को कथित महंगी दवाएं भेजी और फिर विभिन्न बहानों से 6 फरवरी से 17 मई के बीच 1.77 करोड़ रुपए नकद व ऑनलाइन ट्रांसफर करवा कर ऐंठ लिए थे।
ज्वाइंट सीपी कारण राज सिंह वाघेला ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। पुलिस को गिरोह द्वारा पीड़ित महिला की तरह अन्य लोगों की भी जाल में फंसकर 70 करोड़ से भी अधिक की ठगी किए जाने की आशंका है। पुलिस फरार मास्टर माइंड दीपक के बैंक ट्रांजेक्शन, कोल रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इस मामले में कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया है। जल्द ही आरोपियों ओर उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी हांसिल होगी।
रिपोर्ट: शैलेष चांपानेरिया सूरत
ये भी पढ़ेंः अरिजीत सिंह, नोरा फतेही और कपिल शर्मा के शो का झांसा देकर 1.41 करोड़ की ठगी, सूरत में चौंकाने वाली घटना