1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. Adampur Election Result 2024: आदमपुर की सीट 56 साल बाद हारा बिश्नोई परिवार, चंद्र प्रकाश ने मारी बाजी

Adampur Election Result 2024: आदमपुर की सीट 56 साल बाद हारा बिश्नोई परिवार, चंद्र प्रकाश ने मारी बाजी

 Published : Oct 08, 2024 07:30 am IST,  Updated : Oct 08, 2024 09:50 pm IST

Adampur Election Result 2024: आदमपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के भव्य बिश्नोई अपना चुनाव हार गए हैं। उन्हें कांग्रेस के चंद्र प्रकाश के हाथों 1268 मतों के अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी। चंद्र प्रकाश को 65371 वोट मिले जबकि भव्य 64103 वोट ही जुटा सके।

Adampur Assembly Election Result 2024, Adampur Chunav Result- India TV Hindi
आदमपुर विधानसभा क्षेत्र को बिश्नोई परिवार का गढ़ माना जाता है। Image Source : INDIA TV

आदमपुर: हरियाणा विधानसभा चुनावों के तहत आज वोटों की गिनती संपन्न हो गई है। सूबे में सिर्फ एक चरण में मतदान हुआ था और जनता ने बीते 5 अक्टूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। आज हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर सभी की नजरें गड़ी हुई थीं क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पोते और कुलदीप विश्नोई के बेटे भव्य विश्नोई इसी सीट से चुनाव लड़ रहे थे। हालांकि भव्य बिश्नोई खानदान की विरासत नहीं बचा पाए और अपना चुनाव हार गए हैं। उन्हें कांग्रेस के चंद्र प्रकाश के हाथों 1268 मतों के अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी। चंद्र प्रकाश को 65371 वोट मिले जबकि भव्य 64103 वोट ही जुटा सके।

मुकाबला किसके बीच?

यूं तो आदमपुर से कुल मिलाकर 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है। इस सीट पर बीजेपी से भव्य बिश्नोई ताल ठोक रहे हैं तो कांग्रेस ने चंद्र प्रकाश जांगड़ा को मैदान में उतारा है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भूपेंद्र बेनीवाल पर दांव खेला है। इनके अलावा दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी से कृष्ण गंगवा प्रजापति, इंडियन नेशनल लोकदल से रणदीप चौधरीवास और भारतीय किसान पार्टी से बलजीत सिंह भी मुकाबले में अपनी जगह तलाश रहे हैं।

आदमपुर में कौन ज्यादा मजबूत?

आदमपुर विधानसभा सीट पर बिश्नोई परिवार का वर्चस्व किसी से छिपा नहीं था। 1968 से लेकर आज तक यह सीट सिर्फ और सिर्फ बिश्नोई परिवार के पास ही रही थी। 1967 के चुनावों में कांग्रेस नेता चौधरी हरि सिंह मोहिल ने जीत दर्ज की थी। उसके बाद भजनलाल फैमिली का ही सदस्य इस सीट से विधायक चुना जाता रहा। भजनलाल की पत्नी जसमा देवी और उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई की पत्नी रेणुका बिश्नोई भी इस सीट से विधायक रह चुकी हैं। 1968 के बाद से आज तक इस सीट पर बिश्नोई परिवार के अलावा कोई विधायक नहीं चुना गया था, लेकिन चंद्र प्रकाश ने बिश्नोई खानदान के गढ़ में सेंध लगा दी।

आदमपुर का चुनावी इतिहास

जैसा कि हमने बताया, 1967 के चुनावों में कांग्रेस नेता चौधरी हरि सिंह मोहिल ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1968 से लेकर 1982 तक भजनलाल ने ही परचम लहराया। 1987 में भजनलाल की पत्नी जसमा देवी तो फिर 1991 और 1996 में भी भजनलाल ही जीते। बाद में भजनलाल के बेटे कुलदीप, बहू रेणुका ने भी यह सीट जीती। अब कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई इस सीट से विधायक हैं। 2022 में हुए उपचुनाव में भव्य ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 15 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था।

नतीजों पर पूरे देश की नजर

बता दें कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव नतीजों पर पूरे देश की नजर थी क्योंकि इससे तय होना था कि बीजेपी का जादू यहां की जनता पर अभी भी बरकरार है या कांग्रेस ने वापस जनता के दिलों में जगह बना ली है। हरियाणा की जनता ने बीजेपी को पार्टी के अब तक के इतिहास की सबसे ज्यादा सीटें दे दी हैं। हालांकि लोकसभा चुनावों में मुकाबला कांटे का रहा था और दोनों ही पार्टियों को लगभग बराबर ही वोट मिले थे। हरियाणा में मिली जीत निश्चित तौर पर बीजेपी के लिए टॉनिक का काम करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।