1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. Video: पंचकूला में 18 राउंड फायरिंग, पार्षद के देवर को गोली मारकर भाग रहे शूटर्स का हाफ एनकाउंटर

Video: पंचकूला में 18 राउंड फायरिंग, पार्षद के देवर को गोली मारकर भाग रहे शूटर्स का हाफ एनकाउंटर

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 04, 2026 08:54 am IST,  Updated : Jun 04, 2026 09:39 am IST

पंचकूला में एक शख्स को गोली मारकर भाग रहे दो शूटर्स का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया है। दोनों घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बदमाशों को घेरा गया तो वे पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दिए।

पंचकूला में फायरिंग। - India TV Hindi
पंचकूला में फायरिंग। Image Source : REPORTER

पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला में गैंगस्टरों द्वारा शूटआउट की बड़ी आपराधिक घटना आई सामने है। बुधवार देर रात गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे। तभी पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 8 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक गोली रतन लुबाना को लग गई।

हमले के दौरान बदमाशों ने पिस्टल लोड करते समय दो कारतूस मौके पर गिरा दिए और वारदात को अंजाम देने के बाद यमुनानगर हाईवे की ओर फरार हो गए। घटना के समय डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान मौके पर मौजूद था, जिसने तुरंत बदमाशों का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल हरकत में आ गए और पंचकूला के मट्‌टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर दी गई।

मुठभेड़ में दो बदमाशों को लगी गोली

नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की और बेला बिस्टा चौक व नाडा साहिब इलाके में पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाया, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गया। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के घुटनों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।  

यहां देखें वीडियो

बदमाशों की हालत गंभीर

घायल बदमाशों को पहले पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। दोनों पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का आरोप है। जसविंदर पर पहले से ही हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

यहां देखें वीडियो

बदमाशों ने की 18 राउंड फायरिंग  

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने इस पूरी वारदात में लगभग 18 राउंड फायरिंग की और उनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई हैं। काबिलेजिक्र है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। इस घटना में एक स्थानीय व्यक्ति भी घायल हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हमले के पीछे पूरी साजिश क्या थी।

रिपोर्ट- उमंग श्योराण, पंचकूला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।