1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. Ladwa Assembly Election Result 2024: लाडवा में सीएम नायब सिंह सैनी की जीत, जानें कितने वोट मिले

Ladwa Assembly Election Result 2024: लाडवा में सीएम नायब सिंह सैनी की जीत, जानें कितने वोट मिले

 Written By: Mangal Yadav Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 08, 2024 07:30 am IST,  Updated : Oct 08, 2024 04:01 pm IST

Ladwa Assembly Election Result 2024: लाडवा सीट पर वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। इस सीट पर बीजेपी नेता नायब सिंह सैनी को जीत हासिल हुई है।

लाडवा विधानसभा चुनाव रिजल्ट- India TV Hindi
लाडवा विधानसभा चुनाव रिजल्ट Image Source : INDIA TV

लाडवा: हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए आज नतीजों का दिन है। प्रदेश में एक ही चरण में पांच अक्तूबर को वोटिंग हुई थी। यहां की लाडवा सीट के रिजल्ट पर हरियाणा ही नहीं पूरे देश के लोगों की नजर थी। इसकी मुख्य वजह यह थी कि यहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद चुनाव लड़े थे। उनके सामने कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह थे जिन्होंने 2019 के चुनाव में जीत दर्ज की थी। सीएम सैनी को करनाल से उनकी मौजूदा सीट की बजाय लाडवा से टिकट मिला था।

हालांकि कांग्रेस के साथ कड़ी टक्कर के बीच लाडवा सीट के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस सीट पर सीएम नायब सिंह सैनी को जीत मिली है। उन्हें 70177 वोट मिले हैं। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस के मेबा सिंह रहे हैं। उन्हें 54123 वोट मिले हैं। नायब सिंह ने 16054 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। 

इस सीट पर कौन थे प्रमुख उम्मीदवार?

बीजेपी ने सीएम नायब सिंह सैनी को पार्टी का टिकट दिया था। जबकि कांग्रेस ने मेवा सिंह को मैदान में उतारा था। विनोद कुमार शर्मा जेजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। आम आदमी पार्टी और इनेलो ने क्रमश: जोगा सिंह उमरी और सपना बड़शामी को मैदान में उतारा था। मेवा सिंह निवर्तमान विधायक थे। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ रहे थे और चुनाव पूर्व कोई गठबंधन नहीं बनाया गया था। इनेलो-बसपा और जेजेपी-एएसपी गठबंधन कर हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे। 

सीएम सैनी लाडवा से पहली बार चुनाव लड़ रहे थे। इससे पहले वह करनाल और नारायणगढ़ से चुनाव लड़ चुके थे। वह नारायणगढ़ से 2010 में हार गए थे लेकिन 2014 में विजयी हुए थे। बाद में वह कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए थे। 

लाडवा का चुनावी इतिहास

2019 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के मेवा सिंह ने भाजपा के डॉ. पवन सैनी को हराकर चुनाव जीता था। मेवा सिंह को 57,665 वोट मिले थे जबकि पवन सिंह को 45,028 वोट मिले। इनेलो की सपना बड़शामी 15,513 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं थी। 2014 में डॉ. पवन सैनी ने इनेलो की बचन कौर बरशामी को 2,992 वोटों के मामूली अंतर से हराया था। सैनी को 42,445 वोट मिले जबकि बरशामी को 39,453 वोट मिले।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।