1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. कुरुक्षेत्र NIT में लड़की ने लगाई फांसी, 2 महीने में चौथा मामला, छात्र भड़के, प्रशासन पर गंभीर आरोप

कुरुक्षेत्र NIT में लड़की ने लगाई फांसी, 2 महीने में चौथा मामला, छात्र भड़के, प्रशासन पर गंभीर आरोप

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 17, 2026 09:55 am IST,  Updated : Apr 17, 2026 09:55 am IST

छात्रों ने आरोप लगाया कि तीन मौत के बाद एक कमिटी बनाई गई थी, लेकिन यह काम नहीं कर रही है। इसी वजह से चौथा मामला भी सामने आया है।

Student- India TV Hindi
धरने पर बैठे छात्र Image Source : REPORTER INPUT

कुरुक्षेत्र एनआईटी में छात्रा के सुसाइड करने के बाद छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वह सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि उनके प्रोफेसर परेशान करते हैं, जिसके चलते एनआईटी में सुसाइड के मामले बढ़ रहे हैं। बी-टेक की छात्रा के सुसाइड के बाद देर रात स्टूडेंट्स कैंपस में इकट्ठा हो गए। छात्र वी वांट जस्टिस जैसे नारे लगाते हुए हंगामा कर रहे हैं। एनआईटी प्रशासन ने मेन गेट बंद कर मीडिया की एंट्री बंद कर दी है।

छात्रों ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि एक हफ्ते में 2 सुसाइड हो रहे हैं। क्यों हो रहे हैं? तीन सुसाइड होने के बाद एक कमेटी बनाई गई थी, उसकी भी आज तक कोई रिपोर्ट नहीं आई। इंस्टिट्यूट में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। एक लॉबी है, जो स्टूडेंट को परेशान कर रही है।

कमेटी के प्रयास बेअसर

स्टूडेंट्स ने कहा बहुत सारे सुसाइड होते आए हैं। बहुत बड़ी वजह एकेडमिक टेंशन है। पिछले दो महीने से कुछ ज्यादा ही सुसाइड हो रहे हैं । लड़की को प्रोफेसर धमका रहे हैं कि आपने प्रदर्शन करना है तो बाहर जाकर करो आपकी मार्कशीट नहीं दी जाएगी। छात्रों का कहना है कि पिछले करीब 2 महीने में बी-टेक के चार स्टूडेंट सुसाइड कर चुके हैं। 3 छात्रों के सुसाइड के बाद एक कमेटी बनाई गई थी, लेकिन इसके बाद भी सुसाइड करने का सिलसिला जारी रहा।

दो महीने में चार सुसाइड

छात्रों ने देर रात प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे को बढ़ता देख एनआईटी प्रशासन ने मौके पर पुलिस बुला ली है। पुलिस के साथ कैंपस में एनआईटी के गार्ड्स भी मौजूद हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रा दीक्षा का शव काफी देर तक फंदे पर लटका रहा, किसी ने ध्यान नहीं दिया। जब हमने प्रोफेसर से सवाल पूछे तो उन्होंने हमें डांटना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि पिछले करीब 2 महीने में कैंपस में ये चौथा सुसाइड है। पहले तीन सुसाइड होने के बाद एनआईटी प्रशासन ने एक कमेटी बनाई थी, जिसका काम छात्रों की प्रॉब्लम को सॉल्व करना था, लेकिन कमेटी ने ठीक से काम नहीं किया। कमेटी बनने के बाद ही दीक्षा ने सुसाइड किया है।

तीन छात्र कर चुके हैं आत्महत्या

घटना के पहले एनआईटी के तीन अन्य स्टूडेंट सुसाइड कर चुके हैं। 9 अप्रैल को सिरसा जिले के गांव शेरपुर के प्रियांशु वर्मा (22) ने फंदा लगाया था। प्रियांशु बीटेक थर्ड ईयर का स्टूडेंट था। हॉस्टल के रूम से उसका शव मिला था। प्रियांशु से पहले 31 मार्च को पवन कुमार (22) निवासी घासैड़ा जिला नूंह ने अपनी जान दी थी। पवन बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। वहीं दो महीने पहले 16 फरवरी को तेलंगाना के रहने वाले अंगोद शिवा (19) ने हॉस्टल के रूम में फांसी लगाकर जाने दे दी थी।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारी विशाल कुमार ने कहा, "आज हमें सूचना मिली कि एनआईटी की एक लड़की ने फांसी लगा ली है। रिपोर्ट मिलने पर, हम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ स्पेशल टीम को बुलाया। एडमिनिस्ट्रेशन और स्टूडेंट्स मौजूद थे, लेकिन अभी तक कोई जॉइंट स्टेटमेंट सामने नहीं आया है। लड़की के परिवार को सूचित कर दिया गया है, और उसकी बॉडी को मॉर्चरी में रख दिया गया है। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर अगला कदम तय किया जाएगा, और उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वह उस हॉस्टल में रहने वाली बी टेक की स्टूडेंट थी।"

(कुरुक्षेत्र से अमित भटनागर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर, थार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, डिलीवरी एजेंट की मौत, आरोपी हुआ फरार

मां की साड़ी से बनाया झूला, खेलते समय गर्दन में फंसा फंदा; 13 साल की बच्ची की मौत

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।