1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहले दिन CoWIN पोर्टल पर वैक्सीन के लिए 1.33 करोड़ लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानिए क्या दिक्कतें आईं

पहले दिन CoWIN पोर्टल पर वैक्सीन के लिए 1.33 करोड़ लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानिए क्या दिक्कतें आईं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 29, 2021 07:37 am IST,  Updated : Apr 29, 2021 07:37 am IST

कोरोना वैक्सीन के लिए पहले दिन ही करीब 1.33 करोड़ लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। बुधवार को शुरू हुई इस प्रक्रिया के पहले दिन कई तरह की तकनीकी खामियां भी नजर आईं।

पहले दिन CoWIN पोर्टल पर...- India TV Hindi
पहले दिन CoWIN पोर्टल पर वैक्सीन के लिए 1.33 करोड़ लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानिए क्या दिक्कतें आईं Image Source : AP

नई दिल्ली: भारत में एक मई से टीकाकरण का चौथा चरण शुरू हो रहा है। इस चरण में सरकार ने 18 साल से 44 साल कर की उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने का फैसला किया है। 28 अप्रैल से इस चरण में टीका लगवाने के लिए कोविन (CoWIN) पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। सामने आए शुरुआती आंकड़ों ने इशारा किया है कि बड़ी संख्या में नागरिक वैक्सीन लगवाने की तैयारी में हैं। आपको बता दें कि पहले दिन ही करीब 1.33 करोड़ लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। बुधवार को शुरू हुई इस प्रक्रिया के पहले दिन कई तरह की तकनीकी खामियां भी नजर आईं। कोविन ऐप पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण सर्वर भी प्रभावित हुआ था। हालांकि, कुछ ही समय में इन्हें ठीक भी कर लिया गया था और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी रही।

18+ वालों के वैक्सीनेशन के लिए आरोग्य सेतु एप और कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन हो रहा है लेकिन लोगों का आरोप है कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन के दौरान उन्हें कई परेशानी भी हुई हैं। इसके अलावा कोविन पोर्टल पर भी समस्याओं की शिकायत मिलती रही। कुछ लोगों को ओटीपी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इन समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर कई हैशटैग ट्रेंड होते रहे और लोगों ने स्क्रीनशॉट भी शेयर किए। इसके अलावा कुछ यूजर्स को ये भी मैसेज मिला कि अभी सिर्फ 45+ लोगों का ही रजिस्ट्रेशन हो रहा है। वेबसाइट और एप में दिक्कत की शिकायत के बाद आरोग्य सेतु ने ट्वीट कर कहा है कि कोविन पोर्टल अब ठीक से काम कर रहा है। शाम चार बजे मामूली दिक्कत आई थी। 18 साल से अधिक उम्र के लोग रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि 18 साल से अधिक आयु के सभी नागरिक कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के लिए बुधवार को शाम चार बजे से कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु ऐप के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। सरकार एक मई से टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू करने के लिए तैयार है। मंत्रालय ने ट्वीट किया था, ‘‘कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के लिए नये, योग्य श्रेणी के लोग आज शाम चार बजे से कोविन पोर्टल और आरोग्य सेतु ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि पंजीकरण कराने के लिए 18 से 44 साल तक की आयु के लोगों के लिए कोविड-19 टीका लगवाने का समय लेना अनिवार्य होगा क्योंकि शुरुआत में सीधे आकर टीका लगवाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 45 साल से अधिक आयु के लोग अब भी मौके पर पंजीकरण कराकर टीका लगवा सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस के मामले बेतहाशा बढ़ने पर 18 साल से अधिक आयु के लोगों को भी एक मई से टीका लगाने का फैसला लिया गया है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी के लिए टीकाकरण शुरू होने के बाद मांग बढ़ने की उम्मीद है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 18 से 45 वर्ष की आयु के बीच के लोगों के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराना और टीका लगवाने के लिए समय लेना अनिवार्य होगा। शुरुआत में सीधे आकर टीका लगवाने की मंजूरी नहीं दी जाएगी।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘18-44 आयु वर्ग के नागरिकों का 28 अप्रैल के बाद से कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा।’’ साथ ही एक मई से नागरिकों के लिए कोरोना वायरस रोधी टीकों के प्रकार और उनकी कीमतें कोविन पोर्टल पर दिखाई जाएंगी। 18 से 44 वर्ष की आयु के लोग किसी भी निजी कोविड टीकाकरण केंद्र (सीवीसी) से पैसे देकर टीका लगवा सकेंगे, 45 साल से कम आयु के नागरिक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में किसी भी सरकारी सीवीसी से टीका लगवा सकेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत