गुवाहाटी (असम): गुवाहाटी में सौ वर्ष की एक जिंदादिल महिला ने कोविड-19 को मात दे दी। अधिक आयु की चुनौती बड़ी थी लेकिन चिकित्सकों का कहना है कि महिला ने अपनी सकारात्मकता के बल पर यह जंग जीती है। कोविड-19 की असम की सबसे उम्रदराज मरीज माई हांडिक को बुधवार को गुवाहाटी के महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल से छुट्टी मिल गई।
मदर्स ओल्ड एज होम में रहने वाली हांडिक को कोरोना वायरस से संक्रमित होने का पता चलने के बाद दस दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले उनका इलाज करने वाले चिकित्सकों और नर्सों ने जश्न मनाया, जिसमें हांडिक ने कई असमिया गीत गाए। हांडिक ने कहा कि चिकित्सकों और नर्सों ने उनका बहुत खयाल रखा।
माई हांडिक ने स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा की भी सराहना की। मदर्स ओल्ड एज होम में रहने वाले 12 लोग कोविड-19 से पीड़ित पाए गए थे, जिनमें से पांच को अस्पताल से छुट्टी मिल गई जबकि बाकियों का इलाज जारी है। हांडिक ने अस्पताल में भर्ती होने के महज 10 दिनों के भीतर ही कोरोना वायरस को हरा दिया। वह महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल में भर्ती थीं।
पूरे देश की बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बुधवार सुबह 8 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 97924 नए मामले दर्ज किए गए हैं, एक दिन में आए ये सबसे अधिक केस है। इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 51,18,283 तक पहुंच गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान कोरोना के एक्टिव मामलों में 14043 की बढ़ोतरी हुई है और देश के कुल कोरोना एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 10 लाख को पार कर गया है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1132 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 83198 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।