नई दिल्ली: एक तरफ पठानकोट में आतंकियों ने हमला किया, तो दूसरी तरफ दिल्ली पर भी आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी घुस चुके हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी दिल्ली-एनसीआर में घुस चुके हैं और बड़ी साज़िश को अंजाम दे सकते हैं। आईबी की रिपोर्ट के मुताबिक आतंकियों को सीमा पार ट्रेनिंग दी गई है। वो दिल्ली में लोगों को बंधक बनाने की भी साज़िश रच सकते हैं। इस अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस और ज्यादा मुस्तैद हो गई है।
दिल्ली के ज्वाइंट सीपी मुकेश कुमार मीणा ने कहा कि इनपुट के बार में शेयर नहीं करूंगा। इतना कहूंगा कि सारे एंटी टेरर मीज़र ले रखे हैं और चेकिंग जारी है। पीसीआर से बोला है फील्ड ऑफिसर्स से मौजूद रहने के लिए कहा है।
खुफिया एजेंसियों के इस इनपुट के बाद सुरक्षा और चाक-चौबंद कर दी गई है। इंडिया गेट पर बैरिकेडिंग कर दी गई है सीआरपीएफ के जवान भी तैनात हैं। आतंकी खतरे से निपटने के लिए दिल्ली के चप्पे-चप्पे पर पूरी चौकसी बरती जा रही है। वीवीआईपी इलाकों से लेकर बाज़ारों, टूरिस्ट स्पॉट्स और मेट्रो स्टेशनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सिविल ड्रेस में दिल्ली पुलिस और CISF के जवान मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो ट्रेन में तैनात कर दिए गए हैं, ताकि कोई भी संदिग्ध वस्तु या शख्स दिखे, तो हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सके। आईबी की चेतावनी के बाद दिल्ली पुलिस के कमिश्नर ने पुलिस के आला अफसरों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान आतंकी हमले के ख़तरे से आगाह किया। दिल्ली पुलिस ने केंद्र सरकार से अर्धसैनिक बलों की कुछ और टुकड़ियों की मांग की है ताकि अहम जगहों की सुरक्षा और बढ़ाई जा सके।