1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. संदिग्ध अवस्था में 2 युवक के शव बरामद: गोवा

संदिग्ध अवस्था में 2 युवक के शव बरामद: गोवा

 Written By: IANS
 Published : Apr 21, 2015 11:45 am IST,  Updated : Apr 21, 2015 11:51 am IST

पणजी: गोवा के एक गांव में एक जन्मदिन पार्टी के बाद दो युवकों की मौत का मामला विवादों में घिर गया है। ऐसी आशंका है कि युवकों ने पार्टी में अत्यधिक मात्रा में मादक पदार्थो

गोवा में संदिग्ध...- India TV Hindi
गोवा में संदिग्ध अवस्था में 2 युवक के शव बरामद

पणजी: गोवा के एक गांव में एक जन्मदिन पार्टी के बाद दो युवकों की मौत का मामला विवादों में घिर गया है। ऐसी आशंका है कि युवकों ने पार्टी में अत्यधिक मात्रा में मादक पदार्थो का सेवन किया था। युवकों की मौत राजधानी पणजी से 40 किलोमीटर दूर मरिना-कटरेरिम में सोमवार को हुई। यह स्थान मादक पदार्थो से संबंधित गतिविधियों के लिए कुख्यात है।

मृतकों की पहचान पराग रैकर (26) और रोडसन मोंटेइरो (21) के रूप में हुई है, जो एल्स्टन डीमेलो नाम के युवक की जन्मदिन की पार्टी में गए थे। सोमवार तड़के हुई इस पार्टी में 40 लोग शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि रैकर और मोंटेइरो को पार्टी के बाद शराब की बोतलों, सिगरेट और मादक पदार्थ जैसे दिखने वाले सफेद पाउडर के बीच अचेत अवस्था में पाया गया था।

विपक्ष का दावा है कि मादक पदार्थ संबंधी गतिविधियों में पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता के कारण गोवा के अंदरूनी क्षेत्रों में एवं तटीय इलाकों में खुले आम मादक पदार्थो का लेन-देन और इस्तेमाल होता है।

वहीं, पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए शवों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है, जो मंगलवार को आ सकती है।

पुलिस उपाधीक्षक मोहन नायक ने संवाददाताओं को बताया, "हम मादक पदार्थो के नजरिए से मामले की छानबीन कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि दोनों शवों के शरीर में मिले पदार्थ को जांच के लिए हैदराबाद की साइंस लैबोरेटरी में भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक (दक्षिण गोवा) शेखर प्रभुदेसाई के मुताबिक, दोनों युवकों के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मंगलवार दोपहर तक पुलिस को सौंपी जाएगी।

उन्होंने कहा, "हम इस घटना के बाबत मंगलवार दोपहर के बाद आपको ज्यादा जानकारी दे पाएंगे।"

उधर, कटरेरिम से कांग्रेस विधायक एलेक्सो रेजीनाल्डो ने आईएएनएस से कहा, "क्षेत्रीय विधायक होने के नाते मैंने घटनास्थल का मुआयना किया, वहां मादक पदार्थो की गंध फैली थी। यदि पुलिस इस नजरिए से जांच करने में नाकामयाब रहती है, तो हम प्रदर्शन करेंगे।"

उन्होंने कहा, "मादक पदार्थो से संबंधित मामले अब तट से आगे बढ़कर गोवा के अंदरूनी इलाकों में पैठ बना रहे हैं। यह खतरे का संकेत है और इसे रोकने की जरूरत है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Goa