1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई दोहरे हत्याकांड में 4 गिरफ्तार

मुंबई दोहरे हत्याकांड में 4 गिरफ्तार

 Written By: IANS
 Published : Dec 15, 2015 11:28 pm IST,  Updated : Dec 15, 2015 11:28 pm IST

मुंबई: जानी-मानी कलाकार हेमा उपाध्याय और उनके वकील हरीश भंबानी की हत्या के मामले में मंगलवार को चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से तीन को 19 दिसंबर तक के लिए पुलिस

4 arrested in Mumbai double murder- India TV Hindi
4 arrested in Mumbai double murder

मुंबई: जानी-मानी कलाकार हेमा उपाध्याय और उनके वकील हरीश भंबानी की हत्या के मामले में मंगलवार को चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से तीन को 19 दिसंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (जोन-11) विक्रम देशमाने ने बताया कि बोरीवली महानगर दंडाधिकारी की अदालत में तीन संदिग्धों -प्रदीप राजभर, आजाद राजभर और विजय राजभर- को पेश किया गया। अदालत ने तीनों को पुलिस हिरासत में भेज दिया।

मुंबई से गिरफ्तार किए गए इन तीन संदिग्धों के अलावा एक अन्य संदिग्ध शिव कुमार उर्फ साधू राजभर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार किया। देशमाने ने कहा कि पुलिस को अभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी विद्याधर राजभर की तलाश है, जो फरार है।

देशमाने ने पत्रकारों से कहा कि तीनों संदिग्धों पर हत्या, हत्या की साजिश रचने और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने साधू राजभर को गिरफ्तार किया, साथ ही उसके पास से पीड़ितों के पहचान पत्र, कई एटीएम कार्ड और अन्य वस्तुएं बरामद कीं।

ऐसा माना जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए संदिग्धों ने विद्याधर की दोनों हत्याओं में मदद की। कुछ दिन पहले हेमा और हरीश के अर्धनग्न शवों को प्लास्टिक में लपेटकर कार्डबोर्ड के डिब्बे में रखकर एक टेम्पो में जुहू से कांदिवली ले जाकर एक खुले नाले में फेंक दिया गया था।

शवों से भरे ये डिब्बे रविवार तड़के पाए गए, जिनमें रखे दोनों शवों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने दोनों डिब्बे वहां ले जाकर फेंकने वाले टेम्पो चालक से पूछताछ की। टेम्पो चालक को हालांकि डिब्बों में शव होने का पता नहीं था। हत्या के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस का कहना है कि हेमा और उसके पति चिंतन उपाध्याय के बीच पिछले पांच वर्षो से तलाक लेने के लिए मुकदमा चल रहा है।

पुलिस ने चिंतन से रविवार को पूछताछ की, हालांकि गिरफ्तार नहीं किया। उल्लेखनीय है कि राजस्थान वासी चिंतन और बड़ौदा की रहने वाली हेमा ने बड़ौदा विश्वविद्यालय के ललित कला संकाय में साथ-साथ पढ़ाई की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत