श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर के बारामुल्ला जिले में नियंत्रण रेखा के ऊरी सेक्टर के नजदीक घुसपैठ की कोशिश के खिलाफ सैनिकों की कार्रवाई में पांच आतंकवादी मारे गए। इस दौरान एक जवान भी शहीद हो गया।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "सतर्क जवानों ने शुक्रवार को नियंत्रण रेखा से लगी हमारी सीमा में संदिग्ध गतिविधि देखी। उन्हें चुनौती देने पर भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें एक आतंकवादी शुक्रवार को मारा गया और एक जवान को हल्की चोटें आईं।"
"देर शाम चार आतंकवादी मारे गए, जबकि हमारा एक जवान भी शहीद हो गया। ऐसा लगता है कि वे नियंत्रण रेखा से हमारी सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने के लिए जवाबी कार्रवाई की गई।"
अधिकारी ने बताया कि वहां का इलाका दु:साध्य होने के कारण मृत आतंकवादियों के शव को प्राप्त करने में समय लग रहा है।