मलकानगिरी (ओडिशा): ओडिशा के मलकानगिरी में में छह संदिग्ध माओवादी विद्रोहियों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। विद्रोहियों द्वारा मनाये जाने वाले पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) सप्ताह के पहले दिन ही ये गिरफ्तारियां हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक मित्रभानु महापात्र ने कहा कि बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसओजी और डीवीएफ के संयुक्त अभियान में राजलकोंडा वन क्षेत्र से इन विद्रोहियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि वर्ष 2006-07 के दौरान माओवादी गतिविधियों में शामिल रहने वाले ये कथित विद्रोही लूट, विस्फोट और हत्या समेत कई आपराधिक घटनाओं में शामिल थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान देबा कबासी (30), जगा कबासी (25), सुकरा कबासी (25), रामा मदकामी (25), सोमा पोदियामी (23) और गोविंदा खेमुदु (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने पीएलजीए सप्ताह के दौरान छह आरोपियों की गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी बताया है। एसपी ने बताया कि मलकानगिरी और पड़ोसी इलाकों में पीएलजीए सप्ताह के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।