1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार में बाढ़ से 7 और लोगों की मौत, 29.71 लाख आबादी प्रभावित

बिहार में बाढ़ से 7 और लोगों की मौत, 29.71 लाख आबादी प्रभावित

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 24, 2016 09:43 pm IST,  Updated : Aug 24, 2016 09:46 pm IST

बिहार में गंगा सहित अन्य नदियों में हाल में आयी बाढ से पिछले 24 घंटे के दौरान 7 और लोगों की मौत होने के साथ 29.71 लाख आबादी प्रभावित है।

Patna flood- India TV Hindi
Patna flood

पटना: बिहार में गंगा सहित अन्य नदियों में आयी बाढ से पिछले 24 घंटे के दौरान 7 और लोगों की मौत हो गई। बाढ़ से करीब 29.71 लाख आबादी प्रभावित है। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गयी है।

पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ से समस्तीपुर जिले में पांच और खगडि़या एवं नालंदा जिला में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। भोजपुर जिला में 12, वैशाली में 6, भागलपुर में 2 और बक्सर एवं लखीसराय जिला में एक..एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।  इस मौसम में दो चरणों में अब तक आयी बाढ से प्रदेश के कुल 24 जिला की 63.80 लाख आबादी प्रभावित हुई और अब तक कुल 127 लोगों की जान जा चुकी है। 

गंगा नदी उफान पर

बिहार में इन दिनों गंगा नदी के बढ़े हुए जल स्तर एवं तेज जल प्रवाह के कारण इस नदी के किनारे अवस्थित जिलों यथा बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली, सारण, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, खगडि़या, मुंगेर, भागलपुर एवं कटिहार जिलों में कमोबेस बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। 

नदी के किनारे वाले इलाके ज्यादा प्रभावित
पटना, वैशाली, भोजपुर एवं सारण जिला के दियारा क्षेत्र :नदी किनारे वाले इलाके: बाढ़ से अधिक प्रभावित हैं। इन 12 जिलों की 29.71 लाख आबादी बाढ से प्रभावित है जिनमें से 2 लाख 82 हजार लोग 943 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तथा इनमें एक लाख 15 हजार लोग सरकार द्वारा चलाए जा रहे 262 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।

बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर
बाढ़ से प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रभावित लोगों को दियारा क्षेत्र से सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में लाया जा रहा है, जहां उनके लिए पका हुआ भोजन, पीने का पानी, महिला एवं पुरूषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वास्थ्य जांच, जरूरी दवाएं, साफ-सफाई एवं प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत