1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 7 साल की बच्ची ने लिखा PM मोदी को खत, तत्काल मिली मदद

7 साल की बच्ची ने लिखा PM मोदी को खत, तत्काल मिली मदद

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 08, 2016 04:36 pm IST,  Updated : Jun 08, 2016 04:36 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक 7 साल की बच्ची को जिंदगी का नायाब तोहफा दिया है। दरअसल, पीएम मोदी को पुणे की वैशाली यादव ने एक पत्र भेजा, जिसमें मोदी सरकार से मदद की गुहार लगाई गई थी।

vaishali yadav- India TV Hindi
vaishali yadav

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक 7 साल की बच्ची को जिंदगी का नायाब तोहफा दिया है। दरअसल, पीएम मोदी को पुणे की वैशाली यादव ने एक पत्र भेजा, जिसमें मोदी सरकार से मदद की गुहार लगाई गई थी। हदप्सर की रहने वाली 7 साल की वैशाली के दिल में छेद है। वह अपने चाचा प्रताप यादव के साथ रहती है। सर्जरी के पैसे नहीं होने के कारण उसने पीएम मोदी को पत्र लिखा, जिसका जवाब उसे पांच दिन बाद मिला और अब उसकी मुफ्त में उसकी सर्जरी हो चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, कक्षा दो की विद्यार्थी वैशाली ने एक दिन प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिखकर उन्हें अपने स्वास्थ्य की स्थिति और अपने परिवार की वित्तीय असमर्थता की जानकारी देते हुए इलाज का खर्च उठाने की मदद मांगी। एक सप्ताह के भीतर, प्रधानमंत्री कार्यालय ने पुणे जिला प्रशासन को अलर्ट किया।

जिले के अधिकारियों ने उसके परिवार का पता लगाया और लड़की को रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया जहां दो जून को उसका नि:शुल्क आपरेशन किया गया। वैशाली के चाचा प्रताप यादव ने कहा, ‘ वैशाली के दिल में छेद था और विभिन्न अस्पतालों का चक्कर लगाने के बाद हमें पता चला कि इस सर्जरी का खर्च तीन लाख रपये से अधिक है। माली हालत के चलते यह आपरेशन कराने में हम असमर्थ थे।’

यादव ने कहा, ‘ एक महीने पहले, वैशाली टीवी देख रही थी जहां उसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देखा और उन्हें देखकर उसने उन्हें पत्र लिखने की ठानी। वैशाली ने अपने पत्र के साथ स्कूल का पहचान पत्र भी संलग्न किया और मुझे इसे पोस्ट करने को कहा। मुझे उम्मीद नहीं थी कि इसका जवाब आएगा।’ ‘ हालांकि, एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन के कुछ कर्मचारियों के साथ स्कूल से कुछ लोग हमें ढूंढते आए और बाद में कलेक्टर के साथ हमारी एक बैठक कराई गई।’

जिला कलेक्टर सौरभ राव ने बताया कि उन्हें 24 मई को पीएमओ से संदेश मिला और तत्काल उस परिवार का पता लगाया गया। ‘ आईएएस अधिकारी और पीएमओ में निदेशक डाक्टर श्रीकर परदेशी ने इस पत्र के बारे में सूचित करने के लिए निजी तौर पर मुझे फोन किया और उस लड़की की मदद करने को कहा।’ रूबी हॉल क्लिनिक के चिकित्सा निदेशक डाक्टर संजय पथारे ने कहा कि लड़की को 2 जून को अस्पताल में भर्ती किया गया और 4 जून को उसका आपरेशन किया गया। अब वह ठीक है और कल ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राव ने कहा कि वैशाली के आपरेशन की रिपोर्ट उनके कार्यालय द्वारा पीएमओ को भेज दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत