नई दिल्ली: अपने मंत्रियों और नेताओं की करतूत से आम आदमी पार्टी को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। केजरीवाल सरकार में मंत्री रहते हुए राशनकार्ड बनाने के नाम पर महिलाओं के साथ रेप के आरोप में जेल गए संदीप कुमार का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा है कि आप नेता अमानतुल्लाह खान के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हो गई है।
दिल्ली के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह पर उनके साले की पत्नी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जामिया नगर थाने में केस दर्ज कराया है। अमानुल्ला दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। केस दर्ज होने के बाद अमानतुल्लाह ने विधानसभा की सदस्यता समेत पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने इस्तीफे का ऐलान किया। अमानतुल्लाह ने कहा कि उन्हें गलत फंसाया जा रहा है। साले और उसकी बीवी से पिछले चार साल से किसी तरह का संबंध नहीं है। पुलिस ने गलत आरोप पर एफआईआर दर्ज की है। अमानतुल्लाह ने कहा कि उनका गुनाह सिर्फ इतना है कि वे आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं।