1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अहमदाबाद: पीएम मोदी ने जायडस कैडिला का दौरा किया, कोरोना वैक्सीन की तैयारियों का लिया जायजा

अहमदाबाद: पीएम मोदी ने जायडस कैडिला का दौरा किया, कोरोना वैक्सीन की तैयारियों का लिया जायजा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 28, 2020 11:14 am IST,  Updated : Nov 28, 2020 02:58 pm IST

कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए टीका विकसित करने के कार्यों की समीक्षा के लिए तीन शहरों के दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे।

अहमदाबाद: पीएम मोदी ने जायडस कैडिला का दौरा किया, कोरोना वैक्सीन की तैयारियों का लिया जायजा- India TV Hindi
अहमदाबाद: पीएम मोदी ने जायडस कैडिला का दौरा किया, कोरोना वैक्सीन की तैयारियों का लिया जायजा Image Source : INDIA TV

अहमदाबाद: कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए टीका विकसित करने के कार्यों की समीक्षा के लिए तीन शहरों के दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी टीका विकास की जानकारी लेने के लिए हवाई अड्डे से अहमदाबाद के नजदीक स्थित फार्मास्युटिकल कंपनी जाइडस कैडिला के संयत्र में गए  और यहां उन्होंने कोरोना वायरस के टीके को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। अहमदाबाद शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर चांगोदर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस संयंत्र में प्रधानमंत्री का सुबह करीब साढ़े नौ बजे से एक घंटे रहने का कार्यक्रम तय था । इसके बाद पीएम मोदी पुणे और हैदराबाद के लिए रवाना हो गए।

उल्लेखनीय है कि जाइडस कैडिला ने कोविड-19 के खिलाफ जाइकोव-डी नामक संभावित टीके का विकास किया है जिसके पहले चरण का क्लीनिकल परीक्षण पूरा हो चुका है और कंपनी ने अगस्त से दूसरे चरण का परीक्षण शुरू किया था। पीएम मोदी ने जायडस कैडिला संयत्र के दौरे की जानकारी ट्वीट करके दी है।

मोदी का अहमदाबाद के बाद हैदराबाद जाने का कार्यक्रम है जहां पर वह टीका निर्माता भारत बायोटेक के संयंत्र का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री हैदराबाद स्थित हकीमपेट वायुसेना केंद्र पर पहुंचने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर जीनोम वैली स्थित भारत बायोटेक के संयंत्र जाएंगे। 

PM Modi in Lab
Image Source : ANI/TWITTERPM Modi in Lab

भारत बायोटेक द्वारा विकसित संभावित टीके कोवैक्सिन का तीसरे चरण का परीक्षण चल रहा है। भारत बायोटेक के संयंत्र में करीब एक घंटा बिताने के बाद मोदी पुणे रवाना होंगे जहां वह सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) जाएंगे जिसने कोविड-19 टीके के लिए वैश्विक दवा निर्माता कंपी एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी की है। अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री एसआईआई परिसर शाम करीब साढ़े चार बजे पहुंचेंगे और यहां करीब एक घंटे तक रहेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत