1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'फूल बरसाने या सैर-सपाटा करने नहीं, आतंकी ठिकानों का सफाया करने गई थी वायुसेना'

'फूल बरसाने या सैर-सपाटा करने नहीं, आतंकी ठिकानों का सफाया करने गई थी वायुसेना'

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 08, 2019 05:47 pm IST,  Updated : Mar 08, 2019 11:47 pm IST

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि हमारी वायु सेना के जवान लड़ाकू विमान लेकर एक मिशन के तहत पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों का सफाया करने गये थे,कोई फूल बरसाने और सैर-सपाटा करने नहीं गये थे।

Rajnath Singh- India TV Hindi
Rajnath Singh Image Source : PTI

जयपुर: गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि हमारी वायु सेना के जवान लड़ाकू विमान लेकर एक मिशन के तहत पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों का सफाया करने गये थे,कोई फूल बरसाने और सैर-सपाटा करने नहीं गये थे। राजनाथ सिंह ने ब्यावर में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पहली बार पाकिस्तान को यह अहसास हुआ होगा कि अब आतंकवाद का कारोबार पाकिस्तान की धरती पर भी बेखौफ होकर और बेरोकटोक होकर नहीं चलाया जा सकता है। 

राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि पाकिस्तान की धरती पर आतंकवाद के ठिकाने चलते रहेंगे तो पाकिस्तान को उसकी सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी और इस बात का अहसास हमारी सेना ने जवानों ने पाकिस्तान को करा दिया है। राजनाथ ने कहा कि लेकिन दुख तब होता है, भारत ने पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई की तो पाकिस्तान की बौखलाहट तो समझ में आती है लेकिन यहां पर कुछ लोगों को सदमा पहुंचा है। वे हमसे सबूत मांग रहे है कि प्रमाण लाइये। 

राजनाथ सिंह ने कहा कि वायुसेना के जवानों ने ‘टारगेट’ को निशाना बनाया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं संख्या पूछने वालों से कहना चाहता हूं कि जो युद्व वीर होता है वह मारे गये लोगों की गिनती नहीं करता है।’’ उन्होंने कहा कि आतंकवाद और आतंकवादियों के संबंध में कांग्रेस के दोस्तों का रवैया इतना भ्रामक और खतरनाक है कि कांग्रेस के कुछ नेता ओसामा बिन लादेन जैसे आतंकवादी को ‘ओसामा जी’ कहते है। हाफिज सईद को ‘हाफिज जी’ कहते है। 

राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद के सवाल पर ऐसे लोगों की न नीति साफ है और न ही नीयत साफ है। आतंकवाद का मुकाबला करने के लिये सभी दलों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सेना के जवानों ने पिछले पांच वर्षो में तीन बार दुनिया के दूसरे देश की धरती पर जाकर आतंकवादियों का सफाया करने में कामयाबी हासिल की है। 

गृह मंत्री ने कहा कि हम भारत को विश्व गुरू बनाना चाहते है और इस काम को भाजपा कर सकती है। हम राजनीति करते है तो इंसाफ और इंसानियत के आधार पर करते है। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोग हमारे थे है और रहेंगे तथा देश में पढ़ रहे सभी कश्मीरी छात्रों की पूरी हिफाजत की जानी चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत