1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी आज 'आजादी का अमृत महोत्सव' की शुरुआत करेंगे, साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना

पीएम मोदी आज 'आजादी का अमृत महोत्सव' की शुरुआत करेंगे, साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 12, 2021 07:54 am IST,  Updated : Mar 12, 2021 11:26 am IST

जश्न के इस कार्यक्रम का नाम रखा गया है 'आजादी का अमृत महोत्सव'। इस मौके पर पीएम मोदी अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को हरी झंडी दिखाएंगे।

पीएम मोदी आज 'आजादी का अमृत महोत्सव' की शुरुआत करेंगे, साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना - India TV Hindi
पीएम मोदी आज 'आजादी का अमृत महोत्सव' की शुरुआत करेंगे, साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को करेंगे रवाना  Image Source : PTI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से स्वतंत्रता संग्राम के 75वें साल के जश्न की शुरुआत करने जा रहे हैं। जश्न के इस कार्यक्रम का नाम रखा गया है 'आजादी का अमृत महोत्सव'। इस मौके पर पीएम मोदी अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को हरी झंडी दिखाएंगे। दांडी मार्च उसी रूट पर निकाला जाएगा जिस रूट पर 91 साल पहले गांधी जी ने दांडी मार्च निकाला था..और नमक कानून तोड़ा था। वर्ष 1930 में आज के ही दिन महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा की शुरुआत की थी और नमक कानून तोड़ा था।

इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)प्रह्लाद सिंह पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए सरकार ने कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम 12 मार्च 2021 से शुरू होंगे और 15 अगस्त 2022 तक चलेंगे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारें भी कार्यक्रम आयोजित करेंगी। 

पटेल ने कहा, “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आजादी का अमृत महोत्सव का उद्धाटन करेंगे और साबरमती आश्रम से एक पदयात्रा को रवाना करेंगे।” उन्होंने कहा, “ प्रधानमंत्री पदयात्रा को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से नवसारी में दांडी के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 241 मील (387 किमी)की यह पदयात्रा 25 दिन चलेगी और पांच अप्रैल 2021 को समाप्त होगी। पदयात्रा में 81 पदयात्री होंगे।” मंत्री ने कहा कि वह पदयात्रा के 75 किलोमीटर के पहले चरण का नेतृत्व करेंगे। 

आजादी का अमृत महोत्सव 

  1. पीएम मोदी साबरमती आश्रम से दांडी मार्च को रवाना करेंगे
  2. 387 किलोमीटर की यात्रा में 81 पदयात्री होंगे शामिल
  3. 1930 में गांधी जी ने आज के दिन शुरू किया था दांडी मार्च
  4. आजादी के 75 साल के मौके पर आज से 'आजादी का अमृत महोत्सव' की शुरुआत
  5. 15 अगस्त 2022 से पहले केंद्र सरकार 75 हफ्तों तक करेगी आयोजन

पीएम मोदी का कार्यक्रम

  1. सुबह 11 बजे मोदी साबरमती आश्रम पहुंचेंगे
  2. सुबह 11.05 बजे गांधी जी को देंगे श्रद्धांजलि
  3. सुबह 11:21 बजे कल्चरल प्रोग्राम की शुरुआत
  4. सुबह 11:51 बजे चरखा कैंपेन करेंगे लॉन्च
  5. सुबह 11:54 बजे आत्मनिर्भर इनक्यूबेटर लॉन्च करेंगे
  6. दोपहर 12:12 बजे पीएम मोदी की स्पीच
  7. दोपहर 1 बजे दांडी मार्च को रवाना करेंगे

संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने 81 व्यक्तियों के साथ 12 मार्च से छह अप्रैल 1930 तक प्रसिद्ध दांडी पदयात्रा की थी और नमक पर कर लगाने वाले कानून को तोड़ा था। उन्होंने बताया कि अमृत महोत्सव के तहत 15 अगस्त 2022 तक आने वाले 75 हफ्तों के दौरान साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पटेल ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एक कार्यक्रम होगा। महोत्सव में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों की रुचि के मुताबिक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसमें संस्कृति मंत्रालय सहायता करेगा। 

इनपुट-भाषा

पढ़ें: रेलवे को इस नई तकनीक से हुआ बड़ा फायदा, जानिए अब किन ट्रेनों की बढ़ेगी स्पीड


पढ़ेंकितना मजबूत है ममता बनर्जी का सुरक्षा घेरा, मिली हुई है Z प्लस सिक्योरिटी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत