नई दिल्ली: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई कंपनियों में कर्मचारी "वर्क फ्रोम होम" कर रहे हैं। लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ऐसे में अमूल ने भी अपने इंस्टाग्राम अकांउट पर लोगों से कोरोना वायरस से बचने के लिए घर में रहने को कहा है। अमूल ने "कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए घर के अंदर रहें!" कैप्शन के साथ एक फोटो जारी किया है, जिसमें दिखाया जा रहा है कि अगर घर में ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर करना है तो अमूल इस्तेमाल करें।
Related Stories
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के मामलों में एक दिन की सबसे बड़ी बढ़ोतरी मंगलवार को देखने को मिली है। मंगलवार को ही देश में कोरोना वायरस के 23 नए मामले सामने आए हैं जिस वजह से देश में इस वायरस की गिरफ्त में आए लोगों का आंकड़ा बढ़कर 137 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। सोमवार शाम को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि देश में कोरोना वायरस के कुल 114 मामले हैं लेकिन मंगलवार शाम को स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस आंकड़े को बढ़ाकर 137 कर दिया है, जिनमें 113 भारतीय हैं और बाकी 24 विदेशी हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के कुल 137 कोरोना वायरस मामलों में सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र की है, महाराष्ट्र में अबतक कुल 36 लोगों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, महाराष्ट्र का पुणे शहर इस वायरस की वजह से देशभर में सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, महाराष्ट्र के 36 मामलों में 3 विदेशी नागरिक हैं और एक व्यक्ति की इस वायरस की वजह से मौत भी हो चुकी है। महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर 24 मामलों के साथ केरल हैं जिनमें 2 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
वहीं, केरल के बाद हरियाणा और उत्तर प्रदेश का नंबर है, हरियाणा में 15 मामले हैं जिनमें 14 विदेशी नागरिक हैं जबकि उत्तर प्रदेश में अबतक 15 मामले सामने आए हैं जिनमें एक विदेशी नागरिक है। हालांकि, देश में कोरोना वायरस के अभी तक जितने मामले सामने आए हैं उनमें 14 लोग ऐसे भी हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। लेकिन, इस वायरस की वजह से देश में अबतक 3 लोगों की मौत भी हो चुकी है।