संसद से जैसे ही नागरिकता संशोधन बिल पास हुआ, वैसे ही देश के कई हिस्सों में इसका विरोध शुरू हो गया। नए नागरिकता कानून के खिलाफ सबसे पहले नॉर्थ ईस्ट से विरोध की आवाज उठी, जो धीरे-धीरे देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच गई। असम, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात जैसे तमाम राज्यों में विरोध प्रदर्शन का हिंसक रूप दिखा। कुछ जगहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के इतर तमाम जगहों पर मारपीट, आगजनी और पत्थरबाजी हुई। उत्तर प्रदेश में तो हिंसक विरोध प्रदर्शन के कारण दर्जन भर से ज्यादा लोगों की जान भी चली गई। कई जगहों पर प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। इससे जुड़ी सभी अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहिए।
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी हमला, 2 जवान घायल, दोनों तरफ से फायरिंग जारी।
मैं सभी देशवासियों को कहना चाहता हूं आप आश्वस्त रहिए इन लोगों की साजिशों के बावजूद आपका ये सेवक देश के लिए, देश की एकता के लिए, शांति और सद्भाव के लिए, मुझसे जो भी बन सकेगा उससे मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा: पीएम मोदी
मेरा आपसे आग्रह है कि दिल्ली के जिस भी इलाके में आप रहते हैं वहां अगले एक हफ्ते तक सफाई अभियान चलाया जाये और नए साल का स्वागत और ज्यादा साफ़ सुथरी दिल्ली के साथ करेंगे: पीएम मोदी
कांग्रेस और उसके सहयोगी आज इस बात से भी तिलमिलाए हुए हैं कि आखिर क्यों मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और खासकर मुस्लिम बहुल देशों में इतना समर्थन मिलता है। क्यों वो देश मोदी को इतना पसंद करते हैं?: पीएम मोदी
आज जब इन दलितों के जीवन की सबसे बड़ी चिंता दूर करने का काम मोदी सरकार कर रही है तो आपके पेट में चूहे क्यों दौड़ रहे हैं: पीएम मोदी
मैं दलित राजनीति करने का दावा करने वालों से भी पूछना चाहता हूं कि आप इतने वर्षों से चुप क्यों थे, आपको इन दलितों की तकलीफ कभी क्यों नहीं दिखाई दी: पीएम मोदी
ये इसलिए किया जाता है कि उनकी आस्था, पूजा पद्धति अलग है। ऐसे शोषण के कारण ही वो भारत आए और देश के अलग अलग कौनो में रह रहे हैं: पीएम मोदी
पाकिस्तान से जो शरणार्थी आए हैं उसमें से अधिकतर दलित परिवार से हैं। वहां आज भी दलितों के साथ दुर्व्यवहार होता है। वहां बेटियों के साथ अत्याचार होता है, जबरन शादी करके उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है: पीएम मोदी
ये एक्ट उन लोगों पर लागू होगा जो बरसों से भारत में ही रह रहे हैं। किसी नए शरणार्थी को इस कानून का फायदा नहीं मिलेगा। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धार्मिक प्रताड़ना की वजह से आए लोगों को सुरक्षा देने के लिए ये क़ानून है: पीएम मोदी
कुछ लोग CAA को गरीबों के खिलाफ ही बता रहे हैं, कह रहे हैं कि जो लोग आएंगे वो यहां के गरीबों का हक़ छीन लेंगे। अरे झूठ फ़ैलाने से पहले कम से कम गरीबों पर तो दया करो भाई: पीएम मोदी
अब भी जो भ्रम में हैं, मैं उन्हें कहूंगा कि कांग्रेस और अर्बन नक्सलियों द्वारा उड़ाई गई डिटेन्शन सेंटर की अफवाह सरासर झूठ हैं। जो हिंदुस्तान की मिट्टी के मुसलमान हैं, उनसे नागरिकता कानून और NRC दोनों का ही कोई लेना-देना नहीं है: पीएम मोदी
कांग्रेस और उसके साथी, शहरों में रहने वाले कुछ पढ़े लिखे नक्सली -अर्बन नक्सल, ये अफवाह फैला रहे हैं कि सारे मुसलमानों को डिटेंशन सेंटर में भेज दिया जाएगा। कुछ तो अपनी शिक्षा की कद्र करिए। एक बार पढ़ तो लीजिए नागरिकता संशोधन एक्ट है क्या?: पीएम मोदी
नागरिकता संशोधन कानून भारत के किसी नागरिक के लिए, चाहे वो हिंदू हो या मुसलमान, के लिए है ही नहीं। ये संसद में बोला गया है। ये कानून का इस देश के अंदर रह रहे 130 करोड़ लोगों से कोई वास्ता नहीं है: पीएम मोदी
वोट बैंक की राजनीति करने वाले और खुद को भारत का भाग्य विधाता मानने वाले, आज जब देश की जनता द्वारा नकार दिए गए हैं, तो इन्होंने अपना पुराना हथियार निकाल लिया है- बांटों, भेद करो और राजनीति का उल्लू सीधा करो: पीएम मोदी
झूठ बेचने वाले, अफवाह फैलाने वाले इन लोगों को पहचानने की ज़रूरत है। ये 2 तरह के लोग हैं। एक वो लोग जिनकी राजनीति दशकों तक वोटबैंक पर ही टिकी रही है। दूसरे वो लोग जिनको इस राजनीति का लाभ मिला है: पीएम मोदी
जब कोई संकट या मुश्किल आती है तो ये पुलिस न धर्म पूछता है न जाति पूछता है, न ठण्ड देखता है न बारिश देखता है और आपकी मदद के लिए आकर खड़ा हो जाता है: पीएम मोदी
पुलिस वालों को अपनी ड्यूटी करते समय हिंसा का शिकार होना पड़ रहा है। जिन पुलिसवालों पर ये लोग पत्थर बरसा रहें हैं, उन्हें जख्मी करके आपको क्या मिलेगा? आज़ादी के बाद 33 हजार से ज्यादा पुलिसवालों ने, शांति के लिए, आपकी सुरक्षा के लिए शहादत दी है: पीएम मोदी
मैं इन लोगों को कहना चाहता हूं कि मोदी को देश की जनता ने बैठाया, ये अगर आपको पसंद नहीं है, तो आप मोदी को गाली दो, विरोध करो, मोदी का पुतला जलाओ। लेकिन, देश की संपत्ति मत जलाओं, गरीब की रिक्शा मत जलाओं, गरीब की झोपडी मत जलाओं: पीएम मोदी
स्कूल बसों पर हमले हुए, ट्रेनों पर हमले हुए, मोटर साइकिलों, गाड़ियों, साइकिलों, छोटी-छोटी दुकानों को जलाया गया है, भारत के ईमानदार टैक्सपेयर के पैसे से बनी सरकारी संपत्ति को खाक कर दिया गया है। लेकिन, 100 साल पुरानी पार्टी के नेता ऐसी हिंसा को शांत करने के लिए कुछ नहीं बोलते। यह उनकी हिंसा के लिए मौन सहमति है: पीएम मोदी
आज जो लोग कागज-कागज, सर्टिफिकेट-सर्टिफिकेट के नाम पर मुस्लिमों को भ्रमित कर रहे हैं, उन्हें ये याद रखना चाहिए कि हमने गरीबों की भलाई के लिए, योजनाओं के लाभार्थी चुनते समय कभी कागजों की बंदिशें नहीं लगाईं: पीएम मोदी
पिछले पांच साल में हमारी सरकार ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा गरीबों को घर बनाकर दिए हैं। हमने किसी से नहीं पूछा कि आपका क्या धर्म है? फिर क्यों कुछ लोग झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं, देश को गुमराह कर रहे हैं: पीएम मोदी
हमने उज्ज्वला योजना के तहत जब 8 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिये, तो क्या किसी का धर्म या जाति पूछी थी? मैं कांग्रेस और उसके साथियों से जानना चाहता हूं कि आप क्यों देश की जनता से झूठ बोल रहे हो, क्यों उन्हें भड़का रहे हो: पीएम मोदी
मैं उनसे जानना चाहता हूं, क्या जब हमने दिल्ली की सैकड़ों कॉलोनियों को वैध करने का काम किया, तो किसी से पूछा क्या कि आपका धर्म है, आपकी आस्था क्या है, आप किस पार्टी के समर्थक हैं: पीएम मोदी
नागरिकता संशोधन बिल के पास होने के बाद कुछ राजनीतिक दल तरह-तरह की अफवाहें फैलाने में लगे हैं, लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, भावनाओं को भड़का रहे हैं: पीएम मोदी
ये लोग किस तरह अपने स्वार्थ के लिए, अपनी राजनीति के लिए किस हद तक जा रहे हैं, ये आपने पिछले हफ्ते भी देखा है। जो बयान दिए गए, झूठे वीडियो, उकसाने वाली बातें कहीं, उच्च स्तर पर बैठे लोगों ने सोशल मीडिया में डालकर भ्रम और आग फैलाने का गुनाह किया है: पीएम मोदी
आज दिल्ली में जो राज्य सरकार है, वो यहां की सबसे बड़ी समस्या से आंख मूंद कर बैठी है। ये समस्या है पीने के पानी की। इन लोगों के अनुसार पूरी दिल्ली में हर जगह बिसलरी जैसा साफ पानी मिलता है: पीएम मोदी
शहर में प्रदूषण कम हो, इसके लिए भी हमने निरंतर प्रयास किया है। बीते 5 वर्षों में दिल्ली में सैकड़ों नए CNG स्टेशन बनाए गए हैं। यहां जो उद्योग-धंधे चल रहे हैं, उनमें से आधों को PNG आधारित बनाया जा चुका है: पीएम मोदी
दिल्ली के भीतर सड़कों पर ध्यान देने के साथ ही, दिल्ली के चारों ओर पेरिफरल एक्सप्रेस वे का निर्माण किया गया है, ये एक्सप्रेस वे भी बरसो से अटका, भटका, लटका पड़ा था, इसे पूरा करने का काम भी हमारी सरकार ने किया है: पीएम मोदी
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 को लेकर अगर यहां की राज्य सरकार ने बेवजह के अड़ेंगे न लगाए होते, तो इसका काम भी काफी पहले शुरू हो गया होता। इसलिए मैं कहता हूं कि आप के नाम पर राजनीति करने वाले, आपकी तकलीफों को कभी न समझे हैं और न समझने का इरादा है: पीएम मोदी
हमने एक तरफ वीआईपी लोगों से दिल्ली के 2000 से ज्यादा बंगले खाली कराए हैं और 40 लाख से ज्यादा गरीबों और मध्यम वर्ग को उनके घर का हक भी दे दिया है। उनके वीआईपी उनको मुबारक, मेरे वीआईपी तो आप लोग हैं, देश का सामान्य मानवी है: पीएम मोदी
आप सोचिये जिन लोगों पर आप लोगों ने अपने घरों को नियमित कराने के लिए भरोसा किया था, वो खुद क्या कर रहे थे? इन लोगों ने दिल्ली के सबसे आलीशान और सबसे महंगे इलाकों में 2 हजार से ज्यादा बंगले, अवैध तरीके से अपने करीबियों को दे रखे थे। पहले जो सरकार चला रहे थे उन्होंने इन बंगलों में रहने वालों को तो पूरी छूट दी, लेकिन आपके घरों को नियमित करने के लिए कुछ किया भी नहीं और जब मैं कर रहा था तो रोड अटकाने का कोई मौका भी नहीं छोड़ा: पीएम मोदी
दिल्ली वालों को अनधिकृत कॉलोनियों की चिंता से मुक्त करने और स्थाई समाधान करने की नीयत इन लोगों ने कभी नहीं दिखाई। जब गरीब के लिए काम करना होता है तो इनके काम की रफ्तार क्या होती है तब इनकी बातों और इरादों से पता चलता है: पीएम मोदी
इतने कम समय में टेक्नोलॉजी की मदद से दिल्ली की 1700 से ज्यादा कॉलोनियों की बाउंड्री को चिह्नित करने का काम पूरा किया जा चुका है। इतना ही नहीं 1200 से ज्यादा कॉलोनियों के नक्शे भी पोर्टल पर डाले जा चुके हैं: पीएम मोदी
लोकसभा और राज्यसभा के बीते सत्र में दिल्ली की कॉलोनियों से जुड़ा बिल पास कराया जा चुका है: पीएम मोदी
चुनाव आते थे तो तारीखें आगे बढाई जाती थी, बुलडोजर का पहियां कुछ समय के लिए रुक जाता था, लेकिन समस्या वहीं की वहीं रहती थी। आपको इस चिंता से मुक्त करने और इस समस्या के स्थायी समाधान की ईमानदारी और नीयत इन लोगों ने कभी नहीं दिखाई: पीएम मोदी
आपको अपने घर आपनी जमीन, अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी पर संपूर्ण अधिकार मिला, इसके लिए आप सबको बहुत-बहुत बधाई: पीएम मोदी
मुझे संतोष है कि दिल्ली के 40 लाख से ज्यादा लोगों के जीवन में नया सवेरा लाने का एक उत्तम अवसर मुझे और भाजपा को मिला है: पीएम मोदी
जीवन से जब अनिश्चितता निकल जाती है, एक बड़ी चिंता हट जाती है तो उसका प्रभाव क्या होता है, ये मैं आज आप सभी के चेहरों पर देख रहा हूं। आपके उत्साह में देख रहा हूं: पीएम मोदी
यह रामलीला मैदान है, ये अनेक अवसरों का साक्षी रहा है। हम सभी को आशीर्वाद देने के लिए देश के कोने-कोने से लोग आए हैं, आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सभी लोगों को रैली में शामिल होने के लिए धन्यवाद कहा।
रामलीला मैदान में पीएम मोदी रैली को संबोधित कर रहे हैं।
रैली के लिए पीएम मोदी दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंच गए हैं। इस वक्त वह मंच पर मौजूद है। मैदान में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं।
जबलपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर बरगी बाइपास के पास एक बस और ट्रक की टक्कर होने से एक बच्ची सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य लोग घायल हो गए। बरगी पुलिस थाना प्रभारी आर. डी. द्विवेदी ने रविवार को बताया कि यह हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में कहा कि "सीएए किसी भी भारतीय मुस्लिम के खिलाफ नहीं है, यह केवल तीन पड़ोसी देशों के धार्मिकता के आधार पर सताए गए अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करने वाला है। मैं अपने मुस्लिम भाइयों से अपील करता हूं कि इसे कांग्रेस के गलत अभियान के तौर पर देखें, वह केवल आपको वोट मशीन के रूप में देखते हैं।"
जयपुर में CAA का विरोध प्रदर्शन हो रहा है। कुछ ही देर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।
संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान मेरठ में शुक्रवार को हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। आईजी आलोक सिंह ने रविवार सुबह से बातचीत में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मेरठ के मोहसिन, आसिफ, जहीर, आलिम और दिल्ली के आसिफ के तौर पर हुई है। सिंह ने बताया कि मेरठ में शुक्रवार को हुई हिंसा में 35 पुलिस कर्मी भी घायल हुए थे और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। (भाषा)
रैली के मद्देनजर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। रामलीला मैदान जाने वाले सभी मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इमारतों पर स्नाइपर तैनात होंगे। रामलीला मैदान के आसपास प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा के ‘कटआउट्स’ लगाए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि रामलीला मैदान जाने वाले कई रास्तों पर पाबंदियां रहेगी। उसने बताया कि वह यह सुनिश्चित कर रही है कि विवादित संशोधित नागरिकता कानून को हटाने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी रैली स्थल तक न पहुंच पाए।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'उपायुक्त स्तर के 20 पुलिस अधिकारी वहां मौजूद रहेंगे। दिल्ली पुलिस के 1000 जवान, ड्रोन रोधी टीम और एनएसजी कमांडो भी सभा स्थल की सुरक्षा करेंगे। इलाके में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी और दुकानें बंद रहेंगी।'
रामलीला मैदान पुरानी दिल्ली के दरियागंज से करीब एक किलोमीटर दूर है, जहां संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक अर्द्धसैनिक बलों की 20 कंपनियों को तैनात किया गया है।
गोवा के उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर ने कांग्रेस पर भाजपा को एक साम्प्रदायिक पार्टी के रूप में गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मैंने अपने राजनीतिक करियर के 22 साल कांग्रेस में बिताए। उसके नेता भाजपा के बारे में गलत धारणा फैलाने में व्यस्त रहते हैं कि वह एक साम्प्रदायिक पार्टी है। वे अपने नेताओं के दिमाग में इस विचार को डालते रहते हैं।’’
पाकिस्तान सेना ने 21 -22 दिसंबर की मध्यरात्रि में नियंत्रण रेखा पर मेंधर, कृष्णाघाटी और पुंछ सेक्टरों में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की।
नागपुर में लोक अधिकार मंच, भाजपा, आरएसएस और कुछ अन्य संगठनों ने CAA के पक्ष में रैली निकाली।
CAA के खिलाफ प्रदर्शन के मद्देनजर उत्तराखंड हाई अलर्ट पर है। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।
मायावती ने चंद्रशेखर रावण पर वार करते हुए कहा कि "दलितों का आम मानना है कि भीम आर्मी का चन्द्रशेखर, विरोधी पार्टियों के हाथों खेलकर खासकर बी.एस.पी. के मज़बूत राज्यों में षड़यन्त्र के तहत चुनाव के करीब वहाँ पार्टी के वोटों को प्रभावित करने वाले मुद्दे पर, प्रदर्शन आदि करके फिर जबरन जेल चला जाता है। जैसे यह यू.पी. का रहने वाला है, लेकिन CAA/NRC पर यह यू.पी. की बजाए दिल्ली के जामा मस्जिद वाले प्रदर्शन में शामिल होकर जबरन अपनी गिरफ्तारी करवाता है क्योंकि यहाँ जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने वाला है। अतः पार्टी के लोगों से अपील है कि वे ऐसे सभी स्वार्थी तत्वों, संगठनों व पार्टियों से हमेशा सचेत रहें। वैसे ऐसे तत्वों को पार्टी कभी लेती नहीं है, चाहे वे कितना प्रयास क्यों ना कर ले?"
अलीगढ़ में इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के बाद 15 दिसंबर से सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था।
पीएम मोदी की रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद के दारुस्सलाम में प्रदर्शन के दौरान लोगों से अपील की कि दो लोग एनआरसी और सीएए के खिलाफ हैं वह भाजपा को इस 'काले कानून' पर संदेश देने के लिए अपने घरों के बाहर देश का झंडा तिरंगा लहराएं।
भाजपा नेता विजय गोयल ने एक बयान में कहा कि दिल्ली की 1,731 अनधिकृत कॉलोनियों के बाशिंदों को मालिकाना हक देने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देने के लिए आयोजित इस रैली की तैयारियां जोरशोर से जारी हैं।
पीएम मोदी की रैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियों को तैनात किया जाएगा। प्रत्येक कंपनी में 70 से 80 जवान होते हैं। उन्होंने बताया, ‘‘ उपायुक्त स्तर के 20 पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे। दिल्ली पुलिस के एक हजार जवान, ड्रोन रोधी टीम और एनएसजी कमांडो भी सभा स्थल की सुरक्षा करेंगे। इलाके में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी और दुकानें बंद रहेंगी।’’
सुबह 11 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित करेंगे।
रामपुर में हिंसा के दौरान एक मीडियाकर्मी और पुलिस के एक दोपहिया वाहन समेत कुल पांच दोपहिया वाहनों और एक कार में आग लगा दी गई।
उत्तर प्रदेश के रामपुर में संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान शनिवार को हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
संपादक की पसंद