1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'गोली मारो....' विवाद पर अनुराग ठाकुर की सफाई, कहा- बुलेट पर बैलेट भारी पड़ना चाहिए

'गोली मारो....' विवाद पर अनुराग ठाकुर की सफाई, कहा- बुलेट पर बैलेट भारी पड़ना चाहिए

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 03, 2020 03:55 pm IST,  Updated : Feb 03, 2020 04:08 pm IST

केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि "लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। वोट का प्रयोग सही तरह से करें और बुलेट पर बैलेट भारी पड़े, ऐसा होना चाहिए।"

केंद्रीय राज्य मंत्री...- India TV Hindi
केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर Image Source : PTI

नई दिल्ली: "देश के गद्दारों को, गोली मारो....को" वाले विवाद के बाद अब केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से बैलेट के जरिए बुलेट को हराने की भी अपील की। ठाकुर ने कहा कि "लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। वोट का प्रयोग सही तरह से करें और बुलेट पर बैलेट भारी पड़े, ऐसा होना चाहिए।"

बता दें कि इससे पहले दिल्ली के रिठाला में अनुराग ठाकुर की रैली में भड़काऊ नारे लगे थे, जिसके बाद चुनाव आयोग ने भाजपा से ठाकुर को स्टार चुनाव प्रचारकों की सूची से बाहर करने के लिए कहा था। रैली की एक वीडियो में अनुराग ठाकुर मंच से "देश के गद्दारों को" कहते हुए नजर आ रहे हैं। इसके जवाब में वहां मौजूद लोग ने "गोली मारो....को" कहा। ठाकुर की रैली में हुई इस नारेबाजी की विपक्ष ने खूब आलोचना भी की थी।

ठाकुर की इस रैली के बाद से शाहीन बाग और जामिया विश्वविद्यालय के बाहर CAA के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों में गोली चलने की घटनाएं भी सामने आईं। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के बाहर रविवार की रात को दो बदमाशों के कथित गोलीबारी की। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, इससे पहले शनिवार को शाहीन बाग में गोली चलाने का मामला सामने आया था।

शाहीन बाग इलाके में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान शनिवार को 25 वर्षीय एक युवक ने हवा में गोली चलाई थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले गत गुरुवार को एक व्यक्ति ने सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई थी, जिसमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया का एक छात्र घायल हो गया था। ऐसे में अब दिल्ली में लगातार गोली की घटनाओं के बीच अनुराग ठाकुर ने 'बुलेट पर बैलेट भारी पड़ने' वाला बयान दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत