चेन्नई: तमिलनाडु में आज भीषण बारिश के चलते पूरे राज्य में हालात बिगड़ गए। बारिश ने यहां 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारी बारिश के चलते चेन्नई एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। राज्य में सेना को बचाव कार्य में उतार दिया गया है। निचले इलाकों में पानी भर गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की मुख्यमंत्री से बात कर केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा दिया है। यहां स्कूलों में होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इस बीच राज्य सरकार के अनुसार बारिश के चलते हादसों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 188 हो गई है।
तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में जारी भारी बारिश के कारण चेन्नई तथा इसके कई उपनगरीय इलाके पानी में डूब गए हैं जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दो उपनगरीय इलाकों में युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने के लिए मंगलवार रात सेना और नौसेना को बुला लिया गया। सेना की गैरिसन इनफैंट्री बटालियन की दो टुकड़ियों को ताम्बरम और ओरापक्कम में बचाव कार्य में लगा दिया गया है। तमिलनाडु सरकार ने सेना से सहायता मांगी थी। चेन्नई के सादियापेट क्षेत्र में निचले इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए नौसेना को तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री जयललिता ने हालात का जायजा लिया और कहा कि पुलिस, अग्निशमन ओैर राहत, एनडीआरएफ, राज्य आपदा बल और तटीय गार्ड हालात पर काबू पाने के लिए जुटे हुए हैं। दूसरी तरफ मौसम विभाग के अधिकारियों ने सचेत किया है कि अभी अगले चार दिनों में राज्यभर में और बारिश होगी और कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस, अग्निशमन ओैर राहत, एनडीआरएफ, राज्य आपदा बल और तटीय गार्ड हालात पर काबू पाने और बाढ़ ग्रस्त इलाकों से लोगों को निकालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इससे पहले जयललिता ने भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने के कारण स्कूलों में अगले सप्ताह से शुरू होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया है। ये परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सात दिसंबर को शुरू होने वाली थीं।
भारी बारिश के कारण पोंडी, चोलावरम्, पुझाल और चैंबरबक्कम जलाशयों में पानी का स्तर 83.8 प्रतिशत पहुंच गया। राज्य की 14,098 झीलों में से 6,791 झीलें लबालब भर गई हैं। मुख्यमंत्री ने हादसों में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के निकट संबंधियों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का आदेश भी दिया है।
भारी बारिश और पटरियों पर जलभराव के कारण रेलगाड़ियां रद्द कर दी गईं और कई के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। शहर में चलने वाली बस सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। खराब मौसम के कारण विमान सेवा भी प्रभावित रही। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि जो एकमात्र विमान आज कोलंबो रवाना हुआ था उसे भी वापस लौटना पड़ा।
भारी बारिश से तमिलनाडु के साथ-साथ पुडुचेरी भी प्रभावित रहा। वहां के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी ने केंद्र से राहत कार्य चलाने के लिए सौ करोड़ रुपये की तत्काल अंतरिम वित्तीय सहायता मांगी है। एक विज्ञप्ति के अनुसार रंगास्वामी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र भेजकर यह सहायता मांगी है ।