1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अरुण जेटली AIIMS में एडमिट, कल हो सकता है ऑपरेशन

अरुण जेटली AIIMS में एडमिट, कल हो सकता है ऑपरेशन

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 07, 2018 07:39 pm IST,  Updated : Apr 07, 2018 07:39 pm IST

जेटली का ऑपरेशन अपोलो हॉस्पिटल के गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संदीप गुलेरिया की देखरेख में किया जाने वाला है...

arun jaitley- India TV Hindi
arun jaitley

नई दिल्ली: वित्तमंत्री अरुण जेटली को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एक दिन की चिकित्सीय देखरेख में रखा गया है और कल उनका गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए आपरेशन किया जा सकता है। जेटली (65) को एम्स में कल शाम भर्ती किया गया था। इस दौरान उनके चिकित्सा संबंधी कई परीक्षण किए गए।

सूत्रों ने बताया कि गुर्दा प्रत्यारोपण के मरीज को एक दिन की निगरानी में रखा जाना सामान्य प्रक्रिया है। उनकी शल्य चिकित्सा कल होने का अनुमान है। जेटली गुर्दे से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं। वह सोमवार से कार्यालय नहीं गए हैं। राज्य सभा के लिए दुबारा चुने जाने के बाद से वह अभी तक शपथ भी नहीं ले सके हैं।

सूत्रों ने बताया कि घर में ही नियंत्रित माहौल में रखे जाने के बाद केंद्रीय मंत्री को कल शाम एम्स स्थानांतरित कर दिया गया था। उनका गुर्दा प्रत्यारोपण आज होने वाला था। इसके लिए गुर्दा दानकर्ता संबंधी सभी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा चुकी हैं। जेटली ने दो दिन पहले ही ट्विटर पर अपनी बीमारी के बारे में जानकारी दी थी। वह अगले सप्ताह 10 वें भारत-ब्रिटेन आर्थिक एवं वित्तीय वार्ता में भाग लेने लंदन जाने वाले थे लेकिन उनकी यह यात्रा रद्द कर दी गई।

उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘मेरा गुर्दे से संबंधित समस्याओं तथा कुछ संक्रमणों का इलाज चल रहा है।’’ हालांकि उन्होंने बीमारी की विस्तृत जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने कहा था, ‘‘ अभी नियंत्रित माहौल में घर से ही काम कर रहा हूं। मेरा आगे का इलाज मेरे चिकित्सकों के परामर्श पर निर्भर करेगा।’’

जेटली का ऑपरेशन अपोलो हॉस्पिटल के गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संदीप गुलेरिया की देखरेख में किया जाने वाला है। डॉ संदीप एम्स के निदेशक एवं जेटली के पारिवारिक मित्र रणदीप गुलेरिया के भाई हैं।

जेटली का सितंबर 2014 में बैरिएट्रिक ऑपरेशन हुआ था। लंबे समय से मधुमेह के कारण वजन बढ़ने की समस्या के निदान के लिए यह ऑपरेशन किया गया था। यह ऑपरेशन पहले मैक्स हॉस्पीटल में हुआ था पर बाद में कुछ दिक्कतें आने के कारण उन्हें एम्स स्थानांतरित किया गया था।

कुछ साल पहले उनके हृदय का भी ऑपरेशन हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत