नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अरुण शौरी ने दादरी कांड जैसी घटनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवालिया निशान खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि मोदी ऐसी घटनाओं पर चुप्पी साधे हुए है जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी इस मुद्दे को सिर्फ बिहार चुनाव में जीत हासिल करने के लिए मुद्दा भर बनाए हुए हैं। उन्होंने पीएम मोदी को जिम्मेदारी निभाने में नाकाम व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके लिए अब देश से बढ़कर बिहार चुनाव हो गया है।
शौरी ने मोदी की तुलना लालू से कर डाली-
शौरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वो बिहार चुनाव जीतने के लिए लालू प्रसाद यादव के स्तर तक गिर गए हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश और लालू पर ओबीसी और एससी/एसटी कोटे से मुस्लिमों को आरक्षण देने की साजिश रचने का आरोप लगाकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि वो हर हाल में बिहार चुनाव जीतना चाहते हैं। वहीं पीएम मोदी की चुप्पी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी चुप्पी के परिणाम का अंदाजा नहीं है, यह पूरे देश के लिए गंभीर बात है।
जेटली पर भी बोला हमला-
वित्त मंत्री अरूण जेटली ने सोनिया गांधी की असहिष्णुता वाली टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा था कि पीएम मोदी खुद साल 2002 से ही असहिष्णुता से सबसे ज्यादा पीड़ित रहे हैं। शौरी ने इस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे खराब बचाव है जिसे उन्होंने किसी के मुंह से सुना है। वहीं शौरी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बिहार में एक समुदाय को दूसरे ले लड़वाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा का पाकिस्तान जिस समस्या से उबरने की कोशिश कर रहा है भारत उसी समस्या की ओर बढ़ रहा है।