1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका दौरे पर इतिहास रच सकते हैं शुभमन गिल, WTC में खास मुकाम हासिल करने वाले बनेंगे पहले भारतीय कप्तान

श्रीलंका दौरे पर इतिहास रच सकते हैं शुभमन गिल, WTC में खास मुकाम हासिल करने वाले बनेंगे पहले भारतीय कप्तान

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 12, 2026 09:57 am IST,  Updated : Aug 12, 2026 09:57 am IST

श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल के पास बड़ा इतिहास रचने का मौका है। गिल WTC 2025-27 में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय कप्तान बन सकते हैं।

Shubman Gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : PTI

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही शुभमन गिल के सामने एक ऐसा आंकड़ा खड़ा है, जिसे पार करते ही उनका नाम भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक खास रिकॉर्ड के साथ दर्ज हो जाएगा। गिल के पास सिर्फ बल्ले से टीम को मजबूती देने का मौका नहीं है, बल्कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में 3000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन सकते हैं।

दरअसल, भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से गॉल में होगा। इस सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में होगी। 26 साल के गिल अगर दोनों टेस्ट में कुल 157 रन बना लेते हैं, तो वह WTC में 3000 रन पूरे कर लेंगे। गिल ने अब तक WTC में 40 मैचों में 2843 रन बनाए हैं। उन्हें 3000 रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 157 रन की जरूरत है। भारतीय बल्लेबाजों में इस समय गिल WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • शुभमन गिल - 2843 रन
  • ऋषभ पंत - 2780 रन
  • रोहित शर्मा - 2716 रन
  • विराट कोहली - 2617 रन
  • रवींद्र जडेजा - 2610 रन
  • यशस्वी जायसवाल - 2511 रन

कप्तानी में भी गिल के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड

गिल के लिए श्रीलंका दौरा सिर्फ 3000 WTC रन पूरे करने का मौका नहीं है। उनके पास बतौर कप्तान एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। मौजूदा 2025-27 WTC चक्र में भारतीय कप्तान के तौर पर गिल 8 मैचों में 950 रन बना चुके हैं। अगर वह 50 रन और बना लेते हैं, तो एक WTC चक्र में 1000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। वहीं, बतौर भारतीय कप्तान एक WTC चक्र में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी गिल अपने नाम कर सकते हैं।

एक WTC चक्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान

  • शुभमन गिल - 950 रन (2025-27)
  • विराट कोहली - 934 रन (2019-21)
  • रोहित शर्मा - 864 रन (2023-25)
  • विराट कोहली - 415 रन (2021-23)
  • रोहित शर्मा - 390 रन (2021-23)

बता दें, अब तक सिर्फ तीन भारतीय बल्लेबाज एक WTC चक्र में 1000 से ज्यादा रन बना पाए हैं। यशस्वी जायसवाल ने 2023-25 चक्र में 1798 रन बनाए थे, जबकि अजिंक्य रहाणे ने 2019-21 में 1159 और रोहित शर्मा ने इसी चक्र में 1094 रन बनाए थे। गिल भी 2023-25 WTC चक्र में 972 रन बना चुके हैं। अब मौजूदा चक्र में 950 रन के साथ उनके पास एक बार फिर इस खास क्लब में जगह बनाने का मौका है।

यह भी पढें:

एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे ने रचा इतिहास, 136 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर मचाया तहलका

मिचेल मार्श ने रचा कीर्तिमान, द हंड्रेड में 400 रन का आंकड़ा छूने वाले बने पहले विेदेशी खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल