1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CBI मुख्यालय में केजरीवाल के प्रधान सचिव से पूछताछ

CBI मुख्यालय में केजरीवाल के प्रधान सचिव से पूछताछ

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 16, 2015 12:52 pm IST,  Updated : Dec 16, 2015 12:52 pm IST

भ्रष्टाचार के एक मामले के सिलसिले में सीबीआई ने आज एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार से पूछताछ की।

Rajendra Kumar- India TV Hindi
Rajendra Kumar

नयी दिल्ली: भ्रष्टाचार के एक मामले के सिलसिले में सीबीआई ने आज एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार से पूछताछ की। कथित भ्रष्टाचार के मामले में दूसरे दौर की पूछताछ के सिलसिले में आईएएस अधिकारी कुमार सुबह लगभग नौ बजकर 40 मिनट पर सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। यह मामला कुमार और छह अन्य के खिलाफ 14 दिसंबर को दर्ज किया गया था । एजीएमयूटी कैडर के वर्ष 1989 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार से सीबीआई ने कल देर रात लगभग सात घंटे तक पूछताछ की थी। कल दिन में सीबीआई के अधिकारियों द्वारा दिल्ली सचिवालय पर छापेमारी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया था।

सीबीआई ने कहा कि उसने कुमार और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी पर आरोप हैं कि उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली सरकार के विभागों के ठेके लेने में किसी कंपनी विशेष को लाभ पहुंचाते हुए अपने आधिकारिक पद का दुरूपयोग किया। वर्ष 2007-14 के दौरान 9.5 करोड़ रूपये के पांच ठेके दिलाने के मामले में एक निजी कंपनी को कथित तौर पर लाभ पहुंचाने के लिए कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की धारा 13-2, 13-1डी (आपराधिक साजिश, आपराधिक कदाचार आदि) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई ने कुमार के आवास समेत उनसे जुडे़ कुल 14 स्थानों पर तलाशी ली। सीबीआई ने उत्तरप्रदेश में भी कई स्थानों पर छापेमारी की। एजेंसी ने कुमार के आवास से कुल 16 लाख रूपए बरामद करने का दावा किया है। इसमें 2.4 लाख रूपए नकद और तीन लाख रूपए विदेशी मुद्रा शामिल है।

सीबीआई ने कहा, कुमार के खिलाफ ये आरोप दिल्ली डायलॉग कमीशन के पूर्व सदस्य सचिव आशीष जोशी ने लगाए थे। सीबीआई की इस कार्रवाई पर विपक्ष द्वारा केंद्र पर हमला बोले जाने के बाद एजेंसी पूरे जोर-शोर के साथ यह बताने में जुट गई कि यह छापेमारी पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के बाद की गई है और इस प्रक्रिया के तहत योग्य अदालत से एक सर्च वारंट लेना भी शामिल है। छापेमारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मनोरोगी और कायर कहा था। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली क्रिकेट संस्था में जेटली के रहते हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर वित्त मंत्री पर निशाना साधा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत