नई दिल्ली: हिट एंड रन केस में सलमान खान के बरी होने पर जेल में बंद आसाराम ने भी खुद के जल्द छूटने की उम्मीद जताई है। आसाराम जोधपुर जेल में नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में बंद हैं। कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए आसाराम से मीडिया ने जब सवाल किया कि हिट एंड रन केस में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सलमान को बरी कर दिया है तो क्या आपको भी जेल से छूटने की उम्मीद जगी है?
पहले तो आसाराम चुप रहे लेकिन काफी कुरेदने पर उन्होंने अपने मन की बात कह ही दी। वो बोले कि हत्या करने पर सलमान को बरी किया गया। यह बहुत नाइंसाफी है। आसाराम ने आगे बोलते हुए कहा कि उन्होंने किसी को नहीं मारा। और ना ही कोई अपराध किया लेकिन फिर भी वो जेल में हैं। उन्होंने कहा कि हम भी बरी होंगे।
जोधपुर स्थित एक फार्म हाउस में अपने गुरुकुल की एक नाबालिग छात्रा से रेप के आरोप में आसाराम 1 सितंबर 2013 से ही जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद हैं। इसी साल के मई महीने में निचली अदालत से सजा पाए सलमान को जब बॉम्बे हाईकोर्ट ने जमानत दिय़ा था तो उस वक्त भी आसाराम भड़क गए थे क्योंकि राजस्थान हाईकोर्ट ने दूसरी बार आसाराम की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। आसाराम सलमान खान केस का हवाला देकर कई बार खुद के साथ नाइंसाफी का आरोप लगा चुके हैं।