1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एंबुलेंस में आग लगने से नवजात शिशु की मौत, दो घायल

एंबुलेंस में आग लगने से नवजात शिशु की मौत, दो घायल

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 11, 2015 10:53 am IST,  Updated : Dec 11, 2015 10:54 am IST

एंबुलेंस की सीएनजी किट में विस्फोट के बाद आग लग जाने के कारण एक नवजात बच्ची की झुलसने से मौत हो गई। इस त्रासद घटना की जानकारी आज एक अधिकारी ने दी।

Ambulance Fire- India TV Hindi
Ambulance Fire

ठाणे: एंबुलेंस की सीएनजी किट में विस्फोट के बाद आग लग जाने के कारण एक नवजात बच्ची की झुलसने से मौत हो गई। इस त्रासद घटना की जानकारी आज एक अधिकारी ने दी। ठाणे स्थानीय निकाय के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने कहा कि बच्ची के साथ एक डॉक्टर और एक नर्स भी थी। ये दोनों भी दुर्घटना में गंभीर रूप से जल गए हैं। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में एंबुलेंस पूरी तरह जल गई थी। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को जन्मी बच्ची को कुछ चिकित्सीय जटिलताएं हो जाने पर उसी दिन भिवंडी कस्बे से शहर के अस्पताल लाया गया था।

निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्ची को पड़ोस में स्थित मुंबई के एक स्पेशिएलिटी केयर सेंटर में ले जाने के लिए कहा था और उसे वहां भेजने के लिए कल एंबुलेंस बुलवाई थी। एक डॉक्टर और एक नर्स बच्ची को लेकर एंबुलेंस में बैठे। जब एंबुलेंस मुंबई रवाना होने वाली थी, तभी इन दोनों ने ऑक्सीजन सिलेंडर में एक चिंगारी देखी। इसके बाद ये बच्ची को पीछे छोड़कर खुद एंबुलेंस से कूदकर बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि जल्दी ही एंबुलेंस में लगे सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया और वाहन में आग लग गई।

जिस समय दुर्घटना हुई, उस समय बच्ची के परिवार के सदस्य वाहन के बाहर खड़े थे और इसमें चढ़ने ही वाले थे। कदम ने कहा कि दमकल विभाग का एक दल आग पर काबू पाने के लिए मौके पर पहुंचा लेकिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका। पास में खड़ी एक अन्य एंबुलेंस भी आग की चपेट में आ गई। कदम ने कहा कि घायल डॉक्टर और नर्स को ठाणे के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत