1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई: स्कूल में लगाए गए प्रशिक्षण शिविर में बंदूक प्रशिक्षण को लेकर बजरंग दल की तरफ से आया ये जवाब

मुंबई: स्कूल में लगाए गए प्रशिक्षण शिविर में बंदूक प्रशिक्षण को लेकर बजरंग दल की तरफ से आया ये जवाब

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 02, 2019 11:34 pm IST,  Updated : Jun 02, 2019 11:34 pm IST

एक गैर सरकारी संगठन ने पुलिस में शिकायत की थी कि दक्षिणपंथी संगठन ने मीरा रोड इलाके में स्थित एक स्कूल में शिविर में छात्रों को बंदूक का प्रशिक्षण दिया। पुलिस ने बताया कि नवघर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। 

bajrang dal- India TV Hindi
बजरंग दल ने आरोपों को नाकारा Image Source : FACEBOOK

मुंबई। विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल ने रविवार को दावा किया कि पिछले हफ्ते ठाणे जिले के एक स्कूल में संगठन की ओर से लगाए गए शिविर में कोई बन्दूक प्रशिक्षण नहीं दिया गया था। एक गैर सरकारी संगठन ने पुलिस में शिकायत की थी कि दक्षिणपंथी संगठन ने मीरा रोड इलाके में स्थित एक स्कूल में शिविर में छात्रों को बंदूक का प्रशिक्षण दिया।

पुलिस ने बताया कि नवघर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। संपर्क करने पर, बजरंग दल के कोंकण क्षेत्र के समन्वयक, संदीप भगत ने इस आरोप को एक राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘स्कूल में आयोजित होने वाले शौर्य प्रशिक्षण वर्ग 2019 में भाग लेने वालों ने बंदूक नहीं संभाली। हमारे कुछ कार्यकर्ता एयर-गन लाए थे, जिसके लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती है ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने छात्रों को रैपलिंग, लाठी चलाने, दौड़, और लंबी कूद का प्रशिक्षण दिया । कैंप आयोजित होने से पहले हमने पुलिस को इस बारे में एक पत्र भी दिया था।’’

भगत ने कहा कि पुलिस ने उस दुकान से भी प्रतिक्रिया मांगी है जहां से एयर-गन की खरीद की गई थी और यह पुष्टि की गई कि इनके लिए किसी भी प्रकार के लाइसेंस की आवश्यकता नहीं है। उप मंडलीय पुलिस अधिकारी अतुल कुलकर्णी ने बताया कि पुलिस ने आयोजकों से संपर्क किया और उन्हें शिविर में इस्तेमाल होने वाले हथियारों के लाइसेंस देने के लिए कहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत