1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज बैंक कर्मियों की हड़ताल, व्यापक असर पड़ने की आशंका

आज बैंक कर्मियों की हड़ताल, व्यापक असर पड़ने की आशंका

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 08, 2016 09:22 am IST,  Updated : Jan 08, 2016 09:22 am IST

देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मियों का एक वर्ग आज हड़ताल पर रहेगा। भारतीय स्टेट बैंक के सहयोगी बैंकों द्वारा दोतरफा समझौते के उल्लंघन के विरोध में इस हड़ताल का आह्वान किया गया है।

bank strike- India TV Hindi
bank strike

नई दिल्ली: देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मियों का एक वर्ग आज हड़ताल पर रहेगा। भारतीय स्टेट बैंक के सहयोगी बैंकों द्वारा दोतरफा समझौते के उल्लंघन के विरोध में इस हड़ताल का आह्वान किया गया है। आॅल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन (एआइबीईए) द्वारा आहूत इस हड़ताल में अधिकारी स्तर के कर्मचारी शामिल नहीं होंगे। एआइबीईए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के नौ कर्मचारी संगठनों में से एक है।

हालांकि, निजी क्षेत्र के बैंक और भारतीय स्टेट बैंक में सामान्य कामकाज होगा। एहतियाती उपायों के तहत यूनाइटेड बैंक आफ इंडिया सहित ज्यादातर बैंकों ने अपने ग्राहकों को इस बारे में परामर्श जारी किया है। इसमें कहा गया है कि मौजूदा दिशानिर्देशों में शाखाओं के सामान्य कामकाज के लिए आठ जनवरी को सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

एआइबीईए के महासचिव सीएच वेंकटचलम ने कहा कि हड़ताल की घोषणा बीते 28 दिसंबर को एसबीआइ के पांच सहयोगी बैंकों द्वारा द्विपक्षीय समझौते के उल्लंघन तथा कर्मचारियों पर एकतरफा सेवा शर्तें थोपने के विरोध में की गई थी। एसबीआइ के पांच सहयोगी बैंकों में स्टेट बैंक आफ त्रावणकोर, स्टेट बैंक आफ मैसूर, स्टेट बैंक आफ पटियाला, स्टेट बैंक आफ हैदराबाद और स्टेट बैंक आफ बीकानेर एंड जयपुर शामिल हैं।

हड़ताल का व्यापक प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि अगले दिन नौ जनवरी को साप्ताहिक छुट्टी भी है। वेंकटचलम ने कहा, "इंडियन बैंक एसोसिएशन ने चुप्पी साध रखी है। हमें मजबूर होकर हड़ताल पर जाना पड़ रहा है। शाखा कार्यालय बंद नहीं होंगे, लेकिन कर्मचारियों के काम पर जाने से सामान्य काम-काज प्रभावित होगा।" वेंकटाचलम ने कहा कि पांच बैंक स्वीपर पद की स्थाई नौकरी को खत्म कर ऐसे कार्य ठेके पर दे देना चाहते हैं।

एआईबीईए मानता है कि एसबीआई और इसके पांच सहयोगी बैंकों में समान सेवा शर्त लागू की जाना विलय की दिशा में उठाया गया कदम है। वेंकटाचलम ने कहा कि सभी छह बैंकों की प्रौद्योगिकी, ब्रांडिंग और काम की प्रक्रिया पहले से ही समान कर ली गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत