नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस कमिश्नर बी़ एस बस्सी ने आप सरकार के हालिया विज्ञापन को गुमराह करने वाला बताया है। इस विज्ञापन में मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने पुलिस बल के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए हैं। बस्सी ने कहा कि टीवी और रेडियो पर प्रसारित हो रहे इस विज्ञापन को जारी नहीं करना चाहिए था क्योंकि यह गलतफहमी पैदा कर रहा है।
बस्सी ने कहा, 'मैंने विज्ञापन देखा है। मैं यह बताना चाहूंगा कि दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, जैसा विज्ञापन में आरोप लगाया जा रहा है पुलिस बल में कोई कमी नहीं है और मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि वह क्या सुधार चाहते हैं और उनकी कार्य योजना क्या है।'
विज्ञापन में केजरीवाल शहर में हाल ही में हुए 19 वर्षीय युवती की हत्या का जिक्र करते हैं और प्रधानमंत्री से दिल्ली की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए कदम उठाने या फिर पुलिस को प्रदेश सरकार को सौंपने की अपील करते हैं।
बस्सी ने कहा कि शहर में महिलाओं की सुरक्षा हेतु कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा, यदि किसी घटना की शिकायत मिलती है या फिर कोई अपराध होता है, तो तुरंत FIR दर्ज की जाती है और दोषी को पकड़ने के लिए जांच की जाती है। अदालत के समक्ष सभी तथ्यों को प्रस्तुत किया जाता है ताकि दोषी को सजा मिल सके।
विज्ञापन में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यह भी कहा, मेरा एक छोटा और विनम्र निवेदन है। या तो आप (प्रधानमंत्री) दिल्ली की कानून व्यवस्था के लिए प्रति सप्ताह एक घंटे का वक्त निकालें, दिल्ली पुलिस की जवाबदेही तय करें और दिल्ली के लोगों के साथ बातचीत करें, या फिर दिल्ली पुलिस का नियंत्रण हमें सौंप दें। लोगों की मदद से हम दिल्ली पुलिस का कामकाज सुधारेंगे।
इसपर बस्सी ने कहा, यह कहना बहुत आसान है कि तंत्र में खामियां हैं, लेकिन मैं विशेष रूप से जानना चाहूंगा कि यह खामियां क्या हैं और (उनमे सुधार हेतु) कार्य योजना क्या है।
दिल्ली पुलिस को बेलगाम कहने वाले इस विज्ञापन को नामंजूर करते हुए बस्सी ने कहा, मेरे विचार में ऐसे विज्ञापन गुमराह करने वाले हैं और इन्हें जारी नहीं किया जाना चाहिए था। यह लोगों के हित में नहीं है और उन्हें शिक्षित नहीं बनाता है। उन्होंने कहा, यह सिर्फ गलतफहमी पैदा कर रहा है, जो सही नहीं है।