भारत और श्रीलंका के बीच जारी टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला इस वक्त खेला जा रहा है। अब तक दो दिन का खेल हो चुका है, आज तीसरा और अहम दिन है। टीम इंडिया जब तीसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरी तो आज पहले ओवर में दो ही रन और आए। पहले ओवर में ही प्रसिद्ध दो रन बनाकर आउट हो गए। यानी भारत की पहली पारी 262 पर खत्म हो गई है। अब गेंदबाजों की बारी है, वे कैसा खेल दिखाते हैं, इस पर काफी कुछ निर्भर करेगा। यहां नीचे आप इस मैच का लाइव स्कोर देख सकते हैं। साथ ही आपको हिन्दी में कमेंट्री भी पढ़ने के लिए मिलेगी।
दो दिन में टीम इंडिया ने किया है बेहतरीन प्रदर्शन
शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में अच्छे खेल का प्रदर्शन किया है। आज तीसरे दिन का खेल हो रहा है। अब मैच किस ओर जाएगा, इसकी जिम्मेदारी गेंदबाजों पर होगी। अगर भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को छोटे स्कोर पर रोक लिया तो फिर मैच जीतने की संभावना काफी प्रबल हो जाएगी। भारत की ओर से एक शतक और दो अर्धशतक आए हैं। देवदत्त पडिक्कल ने जहां एक ओर 167 रनों की पारी खेली, वहीं केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। हालांकि सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत सस्ते में आउट होकर वापस चले गए हैं।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेला जा रहा है मुकाबला
आज तीसरे दिन का खेल है, जो टेस्ट क्रिकेट में मूविंग डे कहा जाता है। इस दिन जो भी टीम मैच में बढ़त बनाती है, उसके लिए मैच जीतने की संभावना ज्यादा हो जाती है। अब तक जो दो दिन हुए हैं, उसमें भारत ने मजबूत पकड़ बना रखी है। अब आज भी अगर भारत ने तीन सेशन अपने पक्ष में किए तो फिर मैच पर जकड़ और मजबूत हो जाएगी। सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जा रही है, इसलिए हर एक मैच काफी अहम है। भारतीय टीम अंक तालिका में अभी पांचवें और श्रीलंका की टीम छठे स्थान पर है। भारत की मैच जीतने के बाद रैंकिंग तो शायद न बदल पाए, लेकिन पीसीटी में निश्चित तौर पर इजाफा होगा।