1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ताउम्र गालिब ये भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी आइना साफ करता रहा; पढ़िए पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें

ताउम्र गालिब ये भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी आइना साफ करता रहा; पढ़िए पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 26, 2019 03:43 pm IST,  Updated : Jun 27, 2019 12:12 am IST

बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर हुई चर्चा के बाद जवाब देते हुए राज्यसभा में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं जब चुनाव स्वयं जनता लड़ती है। 2019 का चुनाव दलों से परे देश की जनता लड़ रही थी। आइए आपको बतातें हैं पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की बड़ी बातें।

राज्यसभा में कांग्रेस...- India TV Hindi
राज्यसभा में कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

नई दिल्ली। बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर हुई चर्चा के बाद जवाब देते हुए राज्यसभा में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं जब चुनाव स्वयं जनता लड़ती है। 2019 का चुनाव दलों से परे देश की जनता लड़ रही थी। आइए आपको बतातें हैं पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की बड़ी बातें।

1. भाषण के दौरान नजर आया शायराना अंदाज

राज्यसभा में भाषण के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी का शायराना अंदाज भी नजर आया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, “जब तक राजनीतिक चश्मे से सब देखा जायेगा तो धुंधला ही नजर आएगा और इसलिए अगर हम राजनीतिक चश्में उतारकर हम देखेंगे तो देश का भविष्य नजर आएगा।”

इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, “शायद इसीलिए ग़ालिब ने कहा था कि… ताउम्र ग़ालिब ये भूल करता रहा, ताउम्र ग़ालिब ये भूल करता रहा… धूल चेहरे पर थी और मैं आइना साफ करता रहा।”

2. कांग्रेस ने किया देश के मतदाताओं का अपमान

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, '55-60 साल तक देश को चलाने वाला दल 17 राज्यों में एक भी सीट नहीं जीत पाया तो क्या इसका मतलब ये हुआ कि देश हार गया? क्या कांग्रेस हारी तो देश हार गया? अहंकार की एक सीमा होती है। इस तरह की भाषा बोलना देश के मतदाताओं को कठघरे में खड़ा करने जैसा है। यह देश के मतदाताओं का अपमान है।'

3. मीडिया पर हमलों पर भी बोले प्रधानमंत्री मोदी

पीएम मोदीने मीडिया पर बायस्ड होने के आरोपों पर कहा, 'हैरान हूं कि चुनाव में हार के बाद मीडिया को भी गालियां दी गईं। मीडिया के कारण चुनाव जीते जाते हैं क्या? मीडिया क्या बिकाऊ है? क्या केरल और तमिलनाडु में यह लागू होगा?' पीएम ने कहा कि कितनी तपस्या के बाद चुनाव होता है और हम चुनाव पर सवाल उठाकर मतदाताओं का अपमान कर डालते हैं।

4. ‘पटेल पहले पीएम होते तो कश्मीर समस्या नहीं होती’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘हम अभी भी मानते हैं कि सरदार साहब देश के पहले पीएम होते तो कश्मीर की समस्या नहीं होती। यह हमारा मानना है। सरदार साहब जीवन भर कांग्रेस लिए जिए, कांग्रेस के लिए जीवन समाप्त कर लिया। गुजरात में चुनाव होते हैं तो सरदार पोस्टर में दिखते हैं लेकिन लोकसभा चुनाव में नहीं। कांग्रेस के लोग स्टैचू ऑफ यूनिटी पर सरदार बल्लभ भाई पटेल को श्रद्धासुमन चढ़ा आएं।’

5. झारखंड मॉब लिंचिंग पर भी बोले पीएम मोदी
झारखंड मॉब लिंचिंग पर भी अपनी बात रखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कहा, ‘क्या झारखंड राज्य को दोषी बता देना सही है? जो बुरा हुआ है उसे अलग करें। लेकिन सबको कठघरे में रखकर राजनीति तो कर लेंगे। इसलिए पूरे झारखंड को बदनाम करने का हक हमें नहीं है। वहां भी सज्जनों की भरमार है। न्याय हो, इसके लिए कानूनी व्यवस्था है।’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘जब दिल्ली की सड़कों पर गले में तार लटकाकर सिखों को जिंदा जला दिया जाता था। जिनके नाम आए आज भी वो इस पार्टी में बड़े पदों पर हैं। उपदेश देने से पहले अपने घरों में झांकने की जरूरत है। तब हम ये सब चीजें भूल जाते हैं। ऐसे तो कई उदाहरण मिलेंगे।’

6. न्यू इंडिया VS ओल्ड इंडिया पर भी बोले पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं हैरान हूं कि अब न्यू इंडिया का विरोध हो रहा है। देश के लोगों को निराशा की तरफ धकेलने का पाप न करें। ओल्ड इंडिया चाहिए, क्यों भाई, जहां कैबिनेट के निर्णय को पत्रकारों के बीच फाड़ दिया जाए, वैसा ओल्ड इंडिया चाहिए? हमें वो ओल्ड इंडिया चाहिए जो जल, थल, नभ में घोटाले से परेशान रहे?, हमें वो ओल्ड इंडिया चाहिए जो टुकड़े गैंग को समर्थन करने पहुंच जाए? पासपोर्ट के लिए महीनों तक इंतजार करना चाहिए, क्या हमें वो ओल्ड इंडिया चाहिए? इंटरव्यू के नाम पर करप्शन वाला इंडिया चाहिए?

7. ‘एक देश, एक चुनाव’ पर कही ये बात

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस एक देश, एक चुनाव के पक्ष में नहीं हैं। अरे चर्चा तो करिए। क्या ये समय की मांग नहीं है कि हमारे देश में कम से कम मतदाता सूची तो एक हो? कुछ लोग कहते हैं कि अगर साथ चुनाव होंगे तो रीजनल पार्टियां खत्म हो जाएंगी। जहां-जहां लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ हुए वहां प्रादेशिक पार्टियां जीती हैं। देश के मतदाताओं को समझ है, इसलिए उनकी समझ पर शक मत करिए। हर प्रयास का स्वागत होना चाहिए। लेकिन हम पहले ही दरवाजे बंद करें तो कभी बदलाव नहीं आता है।’

8. ‘EVM की हवा में हमारे लोग भी आ गए थे’
प्रधानमंत्री ने EVM के मुद्दे पर आगे बोलते हुए कहा, ‘चुनाव आयोग ने चुनौती दी थी। आज जो ईवीएम का यहां हल्ला कर रहे हैं। वह कोई गया नहीं। केवल दो दल गए NCP और CPI। बाकी लोग चुनाव आयोग के निमंत्रण के बाद भी नहीं गए। उस हवा में हमारे लोग भी आए गए थे। हम भी मानने लगे थे कि ईवीएम में गड़बड़ी है। हमने सारी चीजें समझीं और हमारी पार्टी में भी उस विचार को मानने वाले को समझाया गया कि वे गलत रास्ते पर हैं।’ इसके बाद कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘2014 से मैं लगातार देख रहा हूं कि कांग्रेस पराजय को स्वीकार नहीं कर पा रही है। मध्य प्रदेश में क्या हुआ? अभी तो विजय हुई है। कांग्रेस जीत भी नहीं पचा पाती है और हार पचा पाने का सामर्थ्य उसमें नहीं है।’

9. ‘एनआरसी का क्रेडिट कांग्रेस को भी लेना चाहिए’

अपने भाषण के दौरान चुटकी लेते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, एनआरसी का क्रेडिट कांग्रेस को भी लेना चाहिए। राजीव गांधी सरकार ने असम एकॉर्ड में एनआरसी को स्वीकार किया था। हमें सुप्रीम कोर्ट ने आदेश किया तो हम उसे लागू कर रहे हैं। आप भी क्रेडिट लीजिए न। वोट भी लेना है और क्रेडिट भी नहीं लेना। आधा बोलना और आधा न बोलना ऐसा न कीजिए।

10. बिहार में मस्तिष्क ज्वर से बच्चों की मौत जताया दुख

बिहार में मस्तिष्क ज्वर की वजह से बच्चों की मौत पर दुख जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले दिनों बिहार के चमकी बुखार की चर्चा हुई है। आधुनिक युग में ऐसी स्थिति हम सभी के लिए दु:खद और शर्मिंदगी की बात है। इस दु:खद स्थिति में हम राज्य के साथ मिलकर मदद पहुंचा रहे हैं। ऐसी संकट की घड़ी में हमें मिलकर लोगों को बचाना होगा।”

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत