1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बाबा राम रहीम पर सबसे बड़ी गवाही, 10 साल पहले इंडिया टीवी ने कही, वही बात सही

बाबा राम रहीम पर सबसे बड़ी गवाही, 10 साल पहले इंडिया टीवी ने कही, वही बात सही

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 26, 2017 09:31 pm IST,  Updated : Aug 26, 2017 09:31 pm IST

2007 में इंडिया टीवी के एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा ने सरकार और सिस्टम को आगाह किया था कि भक्तों के लिए राम रहीम देवता नहीं, बल्कि एक दानव है। इस खुलासे पर अगर 10 साल पहले सरकार जाग गई होती तो राम रहीम चैन की नींद सो नहीं पाता।

Ram Rahim and Khatta singh- India TV Hindi
Ram Rahim and Khatta singh Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली:  राम रहीम के बारे में जो बात कोर्ट, सीबीआई और पुलिस आज कह रही है वह बात 10 साल पहले इंडिया टीवी ने सबसे पहले देश को बताई। सबसे पहले इंडिया टीवी ने ही बताया था कि राम रहीम बाबा नहीं, एक शैतान है। 10 साल पहले इंडिया टीवी ने देश को अलर्ट किया था कि बाबा राम रहीम दरिंदा है।2007 में इंडिया टीवी के एडिटर-इन-चीफ़ रजत शर्मा ने सरकार और सिस्टम को आगाह किया था कि भक्तों के लिए राम रहीम देवता नहीं, बल्कि एक दानव है। इस खुलासे पर अगर 10 साल पहले सरकार जाग गई होती तो राम रहीम चैन की नींद सो नहीं पाता। अगर इंडिया टीवी के खुलासे पर सिस्टम एक्शन में आ जाता तो राम रहीम जैसा शैतान सैकड़ों महिलाओं की ज़िंदगी तबाह नहीं कर पाता। 

अगर दस साल पहले सरकार, पुलिस और सीबीआई नींद से जाग गई होती तो यह बहरुपिया 2017 में नहीं 2007 में ही जेल में ठूंस दिया जाता, ना पंचकूला जलता..ना इस कुकर्मी बाबा की अंधभक्ति फैलती..ना ही 32 लोगों की जान जाती। 

ड्राइवर खट्टा सिंह ने इंडिया टीवी पर दी थी गवाही 

राम रहीम के सबसे बड़े राज़दार और उसके पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह ने सबसे पहले इंडिया टीवी पर गवाही दी थी। उसे राम रहीम ने मारने की धमकी दी थी लेकिन उसने हिम्मत दिखाई और इंडिया टीवी के कैमरे के सामने सारी सच्चाई बता दी।राम रहीम के इस ड्राइवर ने डेरे के भीतर बाबा के गुनाहों की पूरी फेहरिस्त पेश कर दी। 10 साल पहले खट्टा सिंह ने बताया कि राम रहीम के डेरे में महिलाओं से बलात्कार होता है। बड़े-बड़े नेताओं का राम रहीम मेज़बान बनता है और अपने मेहमानों को अय्याशियां करवाता है। राम रहीम के ड्राइवर ने इंडिया टीवी पर 10 साल पहले ही बता दिया था कि धर्म के चोले में डेरे की आड़ में कैसे एक संत इंसानियत का सच्चा सौदा करता था।

राम-रहीम के गुंडों और बाउंसरों से निपटते हुए खट्टा सिंह ने 27 जुलाई 2007 को इंडिया टीवी से बाबा का एक-एक राज बताया। जो बातें दस साल पहले खट्टा सिंह ने बताई थी वो सारी बातें सही साबित हुई। 27 जुलाई 2007 को ही खट्टा सिंह ने बताया था कि एक नहीं ..दस नहीं... दो सौ से ज्यादा लड़कियां गुरमीत राम रहीम के चंगुल में फंस चुकी थी। 

इंडिया टीवी पर खट्टा सिंह का बयान

'खट्टा सिंह ने इंडिया टीवी पर बताया, '5-6 साल से मुझे मालूम हो चुका था लेकिन मैं यकीन नहीं करता था कि ये बात बिल्कुल गलत है। ऐसी सोची भी नहीं जा सकती यहां.... वहां के बीच वाले लोग कह रहे थे। बीच वाली लड़कियां कह रही थीं। लेकिन मैं ये सोचता था कि इतनी श्रद्धा, इतने लोग हैं ये तो हो नहीं सकता। लेकिन 3-4 साल से मुझे ये मालूम होने लगा कि ये मैं जो सुन रहा था बिल्कुल उसकी सच्चाई सामने आ रही है। कांग्रेस के नेता वो वहां आते हैं। उनकी भी शह हो जाती है। हमारे ऊपर केंद्र सरकार का पूरा हाथ है। हरियाणा सरकार हमारी है। उनके ऊपर भी हम दबाव डलवा सकते हैं। दबाव डलवाते भी हैं। इसमें कोई शक नहीं है। जितना हो सकता है वो करते हैं। जब लड़कियां वहां से जाती थीं। या वहां पर कुछ होती थीं तो अपना दर्द बताती थीं। उनको जब वहां भेजा जाता था तो लोग पिटाई वगैरह करते थे। 2-3 लड़कियों की ड्यूटी थी कि अगर कोई आवाज उठाए तो पहले उसकी पिटाई करो फिर उसको भेजो।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत